भदोही,उ०प्र० : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और सपा की स्टार प्रचारक सांसद डिम्पल यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द, मोदी और उनकी सरकार पर सेना का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि इस सरकार के ओहदेदार लोग सैनिकों की शहादत का ताज अपने सिर पर पहन रहे हैं। डिम्पल ने यहां एक चुनावी रैली में सेना के सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर मोदी समेत भाजपा नेताओं की राजनीतिक बयानबाजी पर कहा, मैं फौजी की बेटी हूं। सेना के जो जवान शहीद हुए हैं, उनकी शहादत के ताज को भी अपने सिर पर पहना जा रहा है। इन लोगों ने हमारी फौज का भी राजनीतिकरण किया है। ऐसी सरकार पहले कभी नहीं आयी। उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों वाली मोदी सरकार ने नोटबंदी का कारनामा किया है। आपको जो धन बैंक से निकालने लिये तरसाया गया, वह आपकी मेहनत का पैसा था। आज तक नहीं बताया कि कितना कालाधन वापस आया। सपा सांसद ने मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर प्रहार करते हुए कहा, झूठे वादे करना भी कारनामा है। जो मीडिया में ज्यादा दिखे वह भी भ्रष्टाचारी है और जो वादाखिलाफी करे वह भी भ्रष्टाचारी है। जो हमारे गुजराती भाई (शाह) अखिलेश बाबू, अखिलेश बाबू कहते हैं, उनके बारे में तो आप जानते ही होंगे। अपनी नाकामी दूसरे पर मढना और झूठे आंकड़े पेश करना उनका कारनामा है।
डिम्पल ने कहा कि मोदी सरकार का कारनामा ही है कि अब बैंक से अपना पैसा निकालने के लिये भी अब आपको शुल्क देना पड़ेगा। तीन साल से मन की बात करते-करते आपको कहां पहुंचा दिया। होली में गुझिया बनने तक का इंतजार कर लेते, तब रसोई गैस महंगी करते। डिम्पल ने कहा, आप लोगों को तुलना करनी है कि कौन सी सरकार ऐसी है जो आपके लिये काम करती है और कौन सरकार झुनझुने देती है। उन्होंने बसपा अध्यक्ष मायावती पर हमला करते हुए कहा कि बसपा मुखिया कहती है कि सत्ता में आने पर वह बच्चों को चने खिलाएंगी। सोचिये, कहीं पत्थर के चने ना खिला दें।
साभार : वेबवार्ता

































