संवाददाता/कैथल। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर कल होने वाले जिला स्तरीय प्रदर्शनों में सर्व कर्मचारी संघ पूर्ण भागीदारी करेगा। इसकी तैयारी को लेकर जवाहर पार्क में जिला कोर कमेटी की बैठक हुई। संघ के जिला प्रधान जरनैल सिंह, जिला सचिव रामपाल शर्मा व केंद्रीय कमेटी सदस्य शिवचरण ने बताया कि कल सुबह 10 बजे नवग्रह चौक स्थित विद्युत भवन में एकत्रित होकर ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर्स यूनियन की कैथल यूनिट के आंदोलन का समर्थन करने के बाद किसानों के प्रदर्शन में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून पहले से ही घाटे में चल रही खेती व किसानी को बर्बाद कर देंगे। बड़े बड़े पूंजीपतियों और विदेशी पूंजी के लिए खेती के दरवाजे खोलने वाली केंद्र सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर इन कानूनों को किसी भी हालत में वापस नहीं लेना चाहती। अब इन्होंने किसान आंदोलन को बिचौलिये दलालों का आंदोलन कहकर बदनाम करना भी शुरू कर दिया है। देश भर में किसान संगठनों ने यह ऐलान कर दिया है कि हम इन किसान विरोधी कानूनों को हरगिज स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार यह झूठा प्रचार कर रही है इन कानूनों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर आंच नहीं आएगी परंतु जब सरकारी खरीद ही नहीं होगी तो न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का सवाल ही पैदा नहीं होता। जब सरकारी खरीद नहीं तो सार्वजनिक वितरण प्रणाली भी नहीं रहेगी। पैदा करने वाले और खपत करने वाले दोनों की लूट होगी। सब कुछ मार्केट के हवाले हो जाएगा। इसलिए आज जब सरकार पूरी तरह से कारपोरेट कंपनियों के पक्ष में खड़ी हो गई है तो व्यापक एकता की जरूरत को समझते हुए इन किसान व जनविरोधी विरोधी कानूनों को रद्द करवाने के आंदोलन का संगठन पुरजोर समर्थन करता है।
इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान रामकुमार, ब्लॉक सचिव शिवदत्त शर्मा, फायर कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मनोज कुमार, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के जिला सचिव प्रकाश गुहणा, कृष्ण कुमार व मियां सिंह उपस्थित रहे।


































