प्रेट्र/श्रीनगर : सुरक्षाबलों ने उच्च सुरक्षा वाले श्रीनगर हवाईअड्डे के पास बीएसएफ के एक शिविर पर आज तड़के जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों के हमले की कोशिश नाकाम कर दी। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में तीन आतंकवादी मारे गए जबकि बल का एक सहायक सब इंस्पेक्टर भी शहीद हो गया।
राज्य के पुलिस महानिदेशक एस पी वैद ने बताया कि बीएसएफ शिविर पर हमला करने वाले तीन आतंकवादी ‘‘मार गिराए गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम परिसर के भीतर तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि वहां विस्फोटक लगाए जाने की आशंकाएं दूर हो सके।’’ हवाईअड्डे से लगे गोगोलैंड में बीएसएफ बटालियन के मुख्यालय पर तीन आतंकवादियों के हमले में सहायक सब इंस्पेक्टर बी के यादव शहीद हो गए और तीन बीएसएफ जवान घायल हो गए।
घटनाक्रम से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पहले से ही खुफिया सूचना थी कि जैश-ए-मोहम्मद का एक कारिन्दा शहर में फिदाई दस्ता लेकर आया है। आतंकवादी की पहचान ‘नूरा त्राली’ के रूप में हुई है। बाद में, पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर क्षेत्र) मुनीर खान ने संवाददाताओं को बताया कि खुले में कार्यरत आतंकवादी संगठन के नेटवर्क की पहचान कर ली गई थी लेकिन उन्होंने इस संबंध में और जानकारी नहीं दी।
खान से जब विशेष रूप से पूछा गया कि क्या इस हमले के पीछे जैश-ए-मोहम्मद का हाथ है तो उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे हमले केवल इसी संगठन ने किए हैं।’’ उन्होंने बताया कि आतंकवादी सैनिकों की लिबास में थे। वे पास की एक रिहायशी कालोनी से बाड़ काट कर शिविर में आए थे।






























