संवाददाता/झज्जर| हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में झज्जर शाखा की ओर से जोनलस्तरीय बाल महोत्सव प्रतियोगिताओं का आगाज सोमवार को झज्जर संवाद भवन परिसर में हुआ। तीन दिवसीय स्पर्धाओं का शुभारंभ कार्यवाहक उपायुक्त जगनिवास ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विशिष्टï अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी मदनलाल चोपड़ा रहे जबकि गरिमामयी उपस्थिति वरिष्ठï बाल कल्याण अधिकारी ओ.पी.मेहरा की रही।
तीन दिवसीय जोनल बाल महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कार्यवाहक उपायुक्त जगनिवास ने कहा कि यह झज्जर जिले के लिए गौरव की बात है कि उसे बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में आयोजित जोनल स्तरीय बाल महोत्सव की मेजबानी करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि विभिन्न स्पर्धाओं में जोनल के तहत आने वाले झज्जर, रोहतक, सोनीपत, चरखी दादरी व भिवानी जिलों से बाल प्रतिभाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने बाल कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित करते हुए नई सोच के साथ निरंतर जीवन में आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेात्साहित किया। सोमवार को प्रतियोगिताओं के पहले दिन पांचों जिलों के बाल कलाकारों ने मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन प्रस्तुति दी।

जोनल बाल कल्याण अधिकारी रोहतक प्रदीप मलिक ने बताया कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की ओर से पूरे प्रदेश में जोनल स्तर पर इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में झज्जर जिला मुख्यालय पर झज्जर, रोहतक, सोनीपत, चरखी दादरी व भिवानी जिला के बाल कलाकार प्रतिभागी बन रहे हैं।
इस मौके पर जिला बाल कल्याण अधिकारी रोहतक सुरेखा, प्रवक्ता डा.अमित भारद्वाज, डा.जगदीश राहड़, हास्य कवि मास्टर महेंद्र सहित विभिन्न शिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि मौजूद रहे।































