हमले से सभी कश्मीरियों का सिर शर्म से झुक गया : महबूबा मुफ्ती

0
642

श्रीनगर/प्रेट्र :  जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती का कहना है कि अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों पर हुआ हमला ‘‘सभी मुसलमानों और कश्मीरियों के लिए एक धब्बा है।’’ अनंतनाग के एक अस्पताल में कल घायल लोगों का हालचाल पूछने पहुंची मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना से सभी कश्मीरियों का सिर शर्म से झुक गया है।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, “तमाम मुश्किलों के बावजूद श्रद्धालु हर साल यात्रा के लिए आते हैं। और आज सात लोगों की मौत हो गई। मेरे पास इसकी निंदा करने के लिए शब्द नहीं है। मैं आशा करती हूं कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बल इसके दोषियों को गिरफ्तार करेंगे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।” महबूबा ने कहा, “यह घटना सभी कश्मीरियों और मुस्लिमों पर धब्बा है। जबतक सभी दोषियों को न्याय की जद में नहीं लाया जाता, हम चुप नहीं बैठेंगे।’’ उन्होंने कहा कि हम सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई हो और लोगों को न्याय मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भयानक हमले में छह महिला सहित सात लोगों की मौत हुई है।
बस पर हुए आतंकी हमले में घायल हुए और मारे गए लोग गुजरात के वलसाड़ जिले के थे। अनंतनाग जिले के खानबाल के निकट बस पर आतंकी हमला हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here