
सिडनी/वेबवार्ता : इंग्लैंड क्रिकेट के प्रमुख एंड्रयू स्ट्रास ने कहा कि उनके खिलाड़ी कोई ठग नहीं है और टीम में शराबखोरी का कल्चर नहीं है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने यह बात एशेज दौरे पर इंग्लैंड के क्रिकेटरों के आधी रात को बाहर निकलने पर लगाए गए प्रतिबंध के बाद कही।
पर्थ के एक बार में पिछले महीने कैमरून बेनक्राफ्ट पर जॉनी बेयरस्टा के हेडबट के बाद यह प्रतिबंध लगाया गया। इससे पहले सितंबर में ब्रिस्टल के एक नाइटक्लब के बाहर लड़ाई में शामिल होने के कारण पुलिस जांच का सामना कर रहे स्टार हरफनमौला बेन स्टोक्स टीम से बाहर हैं। स्ट्रास ने कहा कि बेयरस्टा ने बेनक्राफ्ट के सिर से सिर टकराया था और यह दोस्तों से मिलने का आम तरीका है। उन्होंने हालांकि कहा कि आपको अपने आपको, टीम को या ईसीबी या खेल को इस स्थिति में नहीं पहुंचाना है कि लोग आपके खेल के बारे में इस आधार पर फैसला लेने लगे कि आप रात में बाहर रहकर क्या कर रहे थे। खिलाडियों को इस बारे में बताया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि ये लडके ठग नहीं है। ये ईमानदार और अच्छे मेहनती क्रिकेटर हैं जो इंग्लैंड के लिए खेलने के लिए काफी बलिदान देते हैं। इंग्लैंड क्रिकेट टीम में शराबखोरी का कल्चर नहीं है। मैंने तो कभी नहीं सुना।
































