हरियाणा ग्रंथ अकादमी द्वारा आयोजित चतुर्थ पुस्तक मेला का हुआ उद्घाटन

0
667

राजेश आहूजा/सोनीपत : सूचना जनसंपर्क भाषा एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की मंत्री ने कहा कि पुस्तकें हमारे समाज का आईना हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखने में बड़ी भूमिका निभाती हैं। यही नहीं पुस्तकें हमारी अच्छी शिक्षक, मित्र होने के साथ-साथ मार्गदर्शक भी हैं। ऐसे में हमें अच्छी पुस्तकों को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना होगा।

श्रीमती जैन रविवार को हिंदू कन्या कालेज में हरियाणा ग्रंथ अकादमी द्वारा आयोजित चतुर्थ पुस्तक मेले का उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ग्रंथ अकादमी प्रदेश में साहित्य और संस्कृति से जुड़ी हुई पुस्तकों को जन-जन तक पहुंचाने का बेहतरीन कार्य कर रही है। अकादमी द्वारा 500 से अधिक पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है। यह पुस्तकें प्रदेश के प्राचीन साहित्यकारों, लोक कलाकारों और आम आदमी से जुड़ी हुई हैं।

इस अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों व शहर के गणमान्य लोगों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि हमें अच्छे साहित्य इन पुस्तकों को भावी पीढ़ी के प्रत्येक बच्चे तक पहुंचाना होगा ताकि वह प्रदेश व देश के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी प्रदेश में अच्छे साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेकों कदम उठा रही है। स्वर्ण जयंती वर्ष में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के साथ ही हरियाणा ग्रंथ अकादमी द्वारा प्रदेश में बेहतरीन साहित्यकारों को प्रत्येक वर्ष एक-एक लाख रुपए के दस पुरस्कार भी प्रदान किए जा रहे हैं। इसके साथ ही साहित्य मेला (उत्सव) भी आयोजित किया गया है। इस अवसर पर प्रथम सत्र में भारत के वैश्विक प्रसार के विभिन्न आयामों पर संगोष्ठि भी आयोजित की गई। इस संगोष्ठि में मारीशस से पहुंचे हिंदी साहित्यकार प्रह्लाद रामशरण ने मारीशस में भारतीयों के विकास और हिंदी साहित्य एवं समाचार पत्रों के विस्तार पर चर्चा की।

इसके साथ ही भारतीय सलाहकार समिति दिल्ली के अध्यक्ष नारायण कुमार, प्रमुख प्रवासी साहित्य चिंतक डा. राकेश पांडेय ने अपने विचार रखे। हरियाणा ग्रंथ अकादमी के निदेशक विजय दत्त शर्मा ने सभी का स्वागत किया और कहा कि चार दिवसीय यह पुस्तक मेला जिला के लोगों के लिए बेहतरीन मार्गदर्शक का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि चार दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न सत्रों में देश व विदेश के विभिन्न चिंतक व साहित्यकार हिस्सा लें रहे हैं। रविवार को कार्यक्रम में साहित्यकार सुमेर चंद, पौधारोपण के लिए देवेंद्र सूरा व उसके साथियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में हिंदू संस्था के प्रधान अरूण अग्रवाल, आरके गुप्ता, पूर्ण मल गौड़, अशोक बत्रा, हिंदू कन्या कालेज के प्राचार्य आरके गुप्ता, रोहतक यूनिवर्सिटी के हिंदी विभागाध्यक्ष डा. नरेश मिश्र, डा. बाबू राम, प्रशांत शर्मा, भाजपा नेता नवीन मंगला, अजय मलिक, निशांत छोक्कर, अतुल जैन सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here