मुंबई में इमारत गिरने से 10 मरे, 15 घायल, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

0
860

प्रेट्र/मुंबई : दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में आज एक पांच मंजिला रिहाइशी इमारत ध्वस्त हो गई जिससे दस लोग मारे गए और 15 अन्य घायल हो गए। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ध्वस्त होने वाली इमारत में करीब नौ परिवार रहते थे। मीडिया की कुछ खबरों में बताया गया है कि इस इमारत में एक प्ले स्कूल भी चलता था लेकिन हादसे के समय बच्चे नहीं पहुंचे थे । इस बात की हालांकि तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।
करीब साढ़े आठ बजे ध्वस्त हुई इस इमारत के भूतल पर छह गोदाम थे। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मुंबई में हुई भीषण बारिश से क्या इस इमारत को कोई नुकसान पहुंचा था। बताया जाता है कि यह इमारत करीब 50 साल पुरानी है।
कंक्रीट के मलबे और लोहे की मुड़ चुकी छड़ों के ढेर को किसी तरह हटाया जा रहा है। बचावकर्मी नीचे तक पहुंचने के लिये मलबे के ढेर पर चढ़कर कंक्रीट की स्लैब को हथौड़े से तोड़ रहे हैं। क्रेन एवं बुलडोजरों को मलबा हटाने के लिये लगाया गया है। स्थानीय निवासी भी मलबा हटाने में मदद कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here