कुशीनगर: तमकुहीराज विधान सभा सीट पर बागियों ने कई प्रत्याशियों के खेल बिगाड़े

0
1222

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पहले विधानसभा चुनाव मे तमकुहीराज सीट पर भले ही कांग्रेस का कब्जा रहा हो लेकिन बारी-बारी से यहां लगभग हर पार्टी ने जीत दर्ज की है सिवाय बसपा को छोड़कर। जहां तक 2017 के चुनाव की बात है तो इस बार बसपा ने नए महावत पर भरोसा जताया है। भाजपा ने भी उम्मीदवार बदला है। जबकि समझौते में मिली इस सीट पर कांग्रेस ने अपने सीटिंग एमएलए पर ही दांव लगाया है। हालांकि इस सीट पर दो प्रमुख पार्टियों के बागियों ने भी जोर लगा रखा है। बिहार बार्डर से सटे तमकुहीराज विधानसभा का अधिकांश हिस्सा गंडक नदी की बाढ़ से प्रभावित रहता है। पिछले चुनाव में इस बाढ़ प्रभावित हिस्से ने चुनावी फिजा ही बदल दी थी। इस बार सपा और कांग्रेस के बीच हुए समझौते में यह सीट कांग्रेस के खाते में गई है। कांग्रेस ने विधायक अजय कुमार लल्लू को ही उम्मीदवार बनाया है। इसके विरोध में इस सीट से दो बार विधायक रह चुके सपा के कर्मठ नेता डॉक्टर पीके राय बगावत करते हुए निषाद पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतर गए हें। भाजपा ने पिछले दो बार से चुनाव हार रहे पूर्व विधायक नंदकिशोर मिश्र का टिकट काटकर पूर्व विधायक जगदीश मिश्र को प्रत्याशी बना दिया तो नंदकिशोर मिश्र नाराज हो गए। उन्होने भी निर्दल उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भर दिया है। बसपा ने इस सीट पर पहली जीत के लिए तमकुही के पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय कुमार राय को मैदान में उतारा है।

इस सीट पर अब तक पांच बार कांग्रेस तथा दो-दो बार सपा, भाजपा, प्रजा सोशलिस्ट पार्टी व निर्दलीय उम्मीदवार को सफलता मिली है। एक-एक बार सोशलिस्ट पार्टी , बीकेडी और जनता पार्टी सफल रही। सेवरही बाद में तमकुहीराज विधान सभा सीट पर पिछला चुनाव परिणाम 2012 अजय कुमार- कांग्रेस, 2007 डाॅ. पीके राय- सपा, 2002 डाॅ. पीके राय- सपा, 1996 आंनन्द प्रकाश शर्मा- निर्दल, 1993 नंदकिशोर मिश्र- भाजपा, 1991 नंदकिशोर मिश्र- भाजपा, 1989 कासिम अली- निर्दल, 1985 रामसकल तिवारी-कांग्रेस, 1980 ध्रुप राय- कांग्रेस, 1977 कृपाशंकर आर्य -जनता पार्टी, 1974 कृपाशंकर आर्य- बीकेडी, 1969 रामनगिना मिश्र- कांग्रेस, 1967 गेंदा सिंह -कांग्रेस, 1962 गेंदा सिंह -प्रजा सोशलिस्ट पार्टी, 1957 गेंदा सिंह -प्रजा सोशलिस्ट पार्टी, 1952 गेंदा सिंह -सोशलिस्ट पार्टी|

साभार: वेबवार्ता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here