ममता तिवारी/कुशीनगर। जिले का प्रतिक्षित कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शीघ्र उड़ान शुरू करने में अंतिम बाधा भी दूर हो गई है। शनिवार को एयरपोर्ट की रजिस्ट्री कसया उप निबंधक कार्यालय में की गई। शासन की ओर से नामित एडीएम कुशीनगर विंध्यवासिनी राय ने एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया को एक रुपये में 587.5920 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री कर दी।
इस डीड में गवाह के रूप में डीएम कुशीनगर डा.अनिल कुमार सिंह और एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी राजेश्वर गौतम रहे। डीड में प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग की तरफ से विक्रेता के रूप में एडीएम कुशीनगर और विक्रेता के रूप में गोरखपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर एके दिवेदी को नामित किया गया था। एयरपोर्ट के लिए कसया तहसील के 12 गावों शाहपुर, बेलवा दुर्गा राय, नीबी, खोराबर, नरायनपुर, नरकटिया खुर्द, मिश्रौली, बेलवारामजस दुबे, परसहवां, नकहनी, पतया व भलुही मदारी पट्टी के करीब चार हजार किसानों की जमीनें ली गई थीं।
इस एयरपोर्ट की घोषणा वर्ष 2009 में हुई थी। पहले इसका निर्माण प्रदेश सरकार ने शुरू कराया था। वर्ष 2017 में इसे एयरपोर्ट अथॉटिरी ऑफ इंडिया को सौंपने का निर्णय लिया गया था। परंतु रजिस्ट्री नहीं होने के चलते एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से उड़ान की प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही थी।
































