संवाददाता/नई दिल्ली। दीवाली से ठीक पहले द्वारकावासियों को डीडीए की तरफ से ऐसे तोहफे दिए जा रहे हैं, जिन्हें पाकर वह खुश हो जाएंगे. इस क्षेत्र में विकास के लिए गोल्फ कोर्स, खेल परिसर, एफओबी, उत्सव पंडाल साइकिल ट्रैक आदि बनाये जा रहे हैं. इनके बनने से यहां रहने वाले लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा. 300 करोड़ की लागत से तैयार होने वाली इन परियोजनाओं की नींव सोमवार को शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारका इलाके में रखेंगे.
डीडीए से मिली जानकारी के अनुसार द्वारका में 300 करोड रुपए की विभिन्न परियोजनाओं को शुरू करने की योजना पर काम पूरा हो चुका है. इसके तहत गोल्फ कोर्स, खेल परिसर, फुटओवर ब्रिज, एयरपोर्ट ड्रेन, साइकिल ट्रैक और उत्सव पंडाल बनाए जाएंगे. सोमवार को इनकी नींव रखी जायेगी और दो वर्षों के भीतर यह सभी प्रोजेक्ट बनकर तैयार हो जाएंगे. इनके बनने से द्वारका में रहने वाले लोग इसका लाभ ले सकेंगे.
डीडीए के अनुसार द्वारका इलाके में लंबे समय से खेल परिसर बनाने की मांग हो रही थी. इसे ध्यान में रखते हुए द्वारका सेक्टर-8 में खेल परिसर बनाने की योजना तैयार कर ली गई है. यहां पर आगामी सोमवार को खेल परिसर की नींव रखी जाएगी. यहां पर कुश्ती, भारोत्तोलन, बॉक्सिंग, जूडो और कबड्डी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस होगा. 66 करोड़ रुपए की लागत से इसे तैयार किया जाएगा और दो वर्ष के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही द्वारका सेक्टर 23 में एक अन्य खेल परिसर फुटबॉल के लिए बनाया जाएगा. 39 करोड़ की लागत से बनने वाला यह परिसर 24 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा.
डीडीए अधिकारियों ने बताया द्वारका सेक्टर 11 में एक साइकिल ट्रैक प्रस्तावित है, जिसे 9 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. अप्रैल 2020 तक इसे पूरा कर लिया जाएगा. इसका मुख्य मकसद इस क्षेत्र में साइकिलिंग को बढ़ावा देना है. सेक्टर 10 द्वारका में 6 करोड़ की लागत से एक उत्सव पंडाल का निर्माण भी किया जाएगा. इसमें सामाजिक कार्यक्रम के अलावा सामुदायिक गतिविधियों को आयोजित करने की सुविधा मिलेगी. जून 2020 तक इसे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.
चार जगहों पर बनेंगे फुटओवर ब्रिजद्वारका इलाके में 4 फुटओवर ब्रिज भी बनाए जाएंगे. इन्हें अगस्त 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. एफओबी के तैयार होने से रोजाना लगभग 16, 000 लोग इनका इस्तेमाल करेंगे. इसके बनने से एक तरफ ट्रैफिक के बीच से निकलने वाली भीड़ कम होगी तो वहीं दूसरी तरफ ट्रैफिक के परिचालन में भी सुविधा आएगी. यह एफओबी सेक्टर 1 एवं 7 के बीच, मधु विहार के सेक्टर 4 और 5 के बीच, एनएसआईटी और सुलहकुल मंदिर के बीच, एवं जिला न्यायालय और सामान्य अस्पताल के बीच बनाए जा रहे हैं.
डीडीए के अनुसार द्वारका के सेक्टर 24 में डीडीए गोल्फ कोर्स तैयार करने जा रहा है. सोमवार को इसके लिए भी नींव रखी जाएगी. इसे तैयार होने में लगभग 24 महीने लगेंगे और इसका खर्च कुल 62 करोड़ रुपये आएगा. डीडीए की मानें तो यह 18 होल्स वाला एक अंतरराष्ट्रीय गोल्फ कोर्स होगा.
































