
संवाददाता/लखनऊ : यूपी निकाय चुनावों में जहां बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं बीएसपी भी अपनी साख बचाने में कामयाब रही। ज्ञातव्य है कि महापौर के चुनावों में बीजेपी ने जहां 16 में से 14 सीटों पर कब्जा किया, वहीं बीएसपी के खाते में दो सीटें गई। मायावती यूपी निकाय चुनावों में अपनी पार्टी के प्रदर्शन से खुश हैं।
जीत से गदगद मायावती ने कहा कि हम समाज के दलित और मुस्लिम तबके को साथ लाना चाहते थे तभी इस चुनाव में हमने पार्टी सिंबल के साथ लडने का फैसला किया। मायावती ने कहा कि दलित समुदाय के साथ ही सवर्ण और पिछडे वर्ग ने भी बीएसपी का समर्थन किया। मायावती ने कहा कि मुस्लिम तबका भी बीएसपी के साथ है और यह पार्टी के लिए अच्छा संकेत है। मायावती ने बीजेपी को आडे हाथों लेते हुए कहा कि बीजेपी की ओर से चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिशों के बावजूद बीएसपी दूसरे स्थान पर रही। मायावती ने एक बार फिर से ईवीएम पर सवाल उठाए हैं। मायावती ने बीजेपी पर आरोप लगाए कि 2014 के लोकसभा चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ईवीएस से छेडछाड की थी।
साथ ही मायावती ने कहा कि अगर बीजेपी इस बार भी ईवीएम से छेडछाड ना करती तो हमारे और भी मेयर बनते। मायावती ने चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग करते हुए कहा कि बीजेपी ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराती तो हाल में सत्ता हासिल नहीं कर सकती। मायावती ने कहा कि वह आने वाले दिनों में देशभर में रैलियां करने जा रही हैं। साथ ही मायावती ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ एकजुट होने के लिए वह सर्व समाज के आने के लिए भी तैयार हैं।

































