संवाददाता/जामताड़ा। झारखंड में जोहार जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत करने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इशारों-इशारों में अमित शाह ने कांग्रेस को देश विरोधी बताया। अमित शाह ने कहा कि जब हमने सर्जिकल की तो राहुल गांधी विरोध करते हैं, एयर स्ट्राइक करते हैं तो प्रमाण मांगते हैं। जेएनयू में भारत विरोधी नारे लगते हैं, तो वह उनके साथ जाकर खड़े हो जाते हैं, अब तय कर लो और देश की जनता को बताओं की आप (कांग्रेस) किस दिशा में जाना चाहते हो?
जामताड़ा में आयोजित रैली में गृह मंत्री ने कहा मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया तो विपक्षियों को परेशानी होने लगी। कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने संसद में इसके विरोध में वोट किया। राहुल गांधी महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा सहित जिन राज्यों में जाएं वहां स्पष्ट करें कि वह 370 हटाने के पक्ष में हैं या विरोध में।
गृह मंत्री ने कहा कि कश्मीर में आर्टिकल 370 नहीं होनी चाहिए हमारा यह स्टैंट 1950 से ही है, जब से आर्टिकल 370 बना। आर्टिकल 370 हटाकर पाकिस्तान को उसकी जगह दिखाने का काम किया है। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। कोई भी उसे हमसे नहीं छीन सकता है। अब झारखंड की जनता को तय करना है कि मोदी जी जिन्होंने अनुच्छेद 370 और 35। हटाया है, उनके साथ रहना है या जिन्हें अनुच्छेद 370 चाहिए उनके साथ रहना है
साल 2004-14 के बीच कांग्रेस को केंद्र में 10 साल सरकार चलाने का मौका मिला। 13वें वित्त आयोग में कांग्रेस ने मात्र 55,200 करोड़ रुपये झारखंड को दिए थे। मोदी ने 14वें वित्त आयोग में 1,45,345 करोड़ रुपये झारखंड को देने का काम किया। उन्होंने कहा कि दोबारा रघुवर दास की सरकार बनी तो केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर झारखंड को नंबर वन प्रदेश बना देगीं।
इंदिरा गांधी ने बांग्लादेश की लड़ाई जीती हमने उनका विरोध नहीं किया। हम विपक्ष में थे हमारे नेता अटल ने उनका समर्थन किया। पाकिस्तान ने यूएन में कश्मीर का मुद्दा उठाया। कांग्रेस की सरकार थी, प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव ने अटल जी को देश का पक्ष रखने के लिए भेजा। देश के मामले आते हैं तो दल की राजनीति नहीं करनी चाहिए। देश की सुरक्षा के लिए एक साथ आगे आना चाहिए।































