राजेश आहूजा/सोनीपत : स्वच्छता भगवान का दूसरा रूप है और यह काम अकेले सरकार नहीं कर सकती। इसके लिए जनता का सहयोग जरूरी है और तभी हम इसे आगे बढ़ा सकते हैं। केबिनेट मंत्री रविवार को नगर निगम कार्यालय में स्वच्छ भारत अभियान को लेकर शहर के सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक ले रही थी। श्रीमती जैन ने कहा कि हम सभी को सफाई पर ध्यान देना होगा। सरकार के इस काम में अगर सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और अन्य संगठन भी साथ आ जाएं तो हम इस काम को बेहतरीन ढंग से कर लेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई को लेकर हमें लोगों की मानसिकता बदलनी होगी और इसके लिए हमें मिलकर प्रयास करने हैं। उन्होंने कहा कि हमने जिला के गांवों को खुले में शौच मुक्त कर दिया है और अब जल्द से जल्द शहर को भी खुले में शौच मुक्त करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पांच जून को इस बार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा।
इसी के संबंध में 28 मई से पांच जून तक विशेष स्वच्छता सप्ताह मनाया जाएगा। इसमें प्रत्येक गली-मोहल्ले और वार्ड की सफाई का काम जनता को साथ लेकर किया जाएगा। इस अवसर पर सभी लोगों ने शहर को स्वच्छ रखने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। इस पर श्रीमती जैन ने सभी सुझावों पर अमल करने का भरोसा दिलवाया। उन्होंने कहा कि हमें कूड़े को घर से ही अलग-अलग करना है और नगर निगम की जो गाडियां आपके मोहल्लों में पहुंचती हैं उनमें डालना है। इसके लिए नगर निगम के कर्मचारियों के साथ भी सहयोग करना होगा। खुले में कूड़ा डालने वालों को मना करना होगा और उन्हें बताना होगा कि जिस कूड़े को आप इधर-उधर फेंक रहे हो वह अगर सही ढंग से प्रयोग किया जाए तो उससे कंपोस्ट भी बन सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलवाई। उन्होंने कहा कि हमें अपने सोनीपत शहर को मिलकर सुंदर और स्वच्छ बनाना है।
साभार : वेबवार्ता


































