एजेंसी/नई दिल्ली। सत्रहवीं लोकसभा की 543 सीटों के लिए चुनाव 11 अप्रैल से 19 मई के बीच सात चरणों में होंगे और मतगणना 23 मई को की जायेगी। आँध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की विधानसभाओं के चुनाव भी लोकसभा चुनाव के साथ होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने रविवार को यहाँ संवाददाता सम्मेलन में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की और इसके साथ ही देश भर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी। इस बार चुनाव में इस्तेमाल होने वाली सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के साथ वीवीपैट का इस्तेमाल किया जायेगा।
पहले चरण में 11 अप्रैल को, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को, तीसरे चरण में 23 अप्रैल को, चौथे चरण में 29 अप्रैल को, पाँचवें चरण में छह मई को, छठे चरण में 12 मई को और सातवें चरण में 19 मई को मतदान होगा। सभी सीटों के लिए मतगणना 23 मई को होगी। उन्होंने बताया कि करीब 90 करोड़ मतदाता इस चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 8.34 करोड़ मतदाता बढ़े हैं जिसमें से डेढ़ करोड़ 18 से 19 वर्ष की आयु के हैं। पहले चरण में 20 राज्यों की 91 सीटों, दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 सीटों, तीसरे चरण में 14 राज्यों की 115 सीटों, चौथे चरण में नौ राज्यों की 71 सीटों, पाँचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों, छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों और सातवें एवं अंतिम चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान होगा। आँध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभाओं के चुनाव उन्हीं तिथियों पर होंगे जिन पर वहाँ लोकसभा सीटों के लिए मतदान होना है। इसके अलावा 12 राज्यों की 24 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी संबंधित लोकसभा सीटों के चुनाव के साथ होंगे।
चुनाव आयोग की 10 मुख्य बातें क्या है….
1. लोकसभा चुनाव की मतगणना 23 मई को। 2. रात के दस बजे से सुबह छह बजे तक चुनाव प्रचार पर पाबंदी रहेगी।
3. लोकसभा चुनाव के लिए हेल्पलाइननंबर 1950. 4. सोशल मीडिया पर विज्ञापन का खर्च उम्मीदवार के चुनाव खर्च में जोड़ा जायेगा।
5. सभी प्रत्याशियों को आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी देनी होगी । 6. डेढ़ करोड़ मतदाता पहली बार करेंगे मतदान।
7. सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम के साथ वीवीपैट का इस्तेमाल। 8. वर्ष 2014 की तुलना में नये मतदाताओं की संख्या 8.34 करोड़ बढ़ी ।
9. पहली बार ईवीएम पर हर प्रत्याशी के नाम के साथ फोटो भी होगी । 10. एक जनवरी 2019 तक देश में 90 करोड़ मतदाता ।
































