
संवाददाता/नई दिल्ली : भारतीय रेलवे ट्रेनों के सुगम संचालन और डीजल से होने वाले वायु प्रदूषण से मुक्ति के लिए रेलवे रेल ट्रैक का शत प्रतिशत विद्युतीकरण करने के लिए कमर कस चुका है।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यहां ग्रीन इनिशिएटिव्स और रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है और भारत रेल ट्रैक का शत प्रतिशत करने वाला विश्व का पहला देश बनने की ओर अग्रसर है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, शत प्रतिशत विद्युतीकरण किसी भी रेलवे का पूरे विश्व में नहीं हुआ है। पूरी दुनिया में एक भी रेलवे ऐसा नहीं है जिसने शत प्रतिशत विद्युतीकरण की कल्पना भी की हो, लागू करना तो बहुत दूर की बात है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, क्या भारत केवल दूसरों को देखकर ही अपनी नीतियों का निर्धारण करेगा या भारत विश्व की नीति कैसी हो उसका नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि सोचना आसान है, कार्य करना मुश्किल है, लेकिन जैसा कि आपको लगता है कि कार्य करना सबसे कठिन है, भारतीय रेलवे ने सबसे मुश्किल चुनौती स्वीकार कर ली है। नये भारत के लिए हमें नया भारतीय रेलवे स्थापित करना होगा जो आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय होगा।
उन्होंने कहा कि अभी तक जो विद्युतीकरण हुआ है उसमें एक करोड़ पांच लाख रुपये प्रति लाइन किलोमीटर निवेश हो रहा है। हमने एलईडी में दाम को कम करने में विश्व को बड़ा योगदान दियाद्य इसी प्रकार रेल ट्रैक के विद्युतीकरण में भी इस दर को कम से कम 30 प्रतिशत तक घटाने के लिए प्रयास करेंगे। गोयल ने कहा कि रेलवे देश के आम आदमी की सेवा के लिए परियोजनाओं को लागू करने के लिए नए सिरे से विश्वास के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि फ्रेट और यात्री दोनों ट्रेनों की गति में वृद्धि की जरूरत है और रेलवे तेजी से गति से इसे प्राप्त करने के लिए खुद को प्रतिबद्ध है।
गोयल ने कहा कि भारतीय रेलवे ने गैर-ट्रैक्शन कार्यों में 10 प्रतिशत ऊर्जा की खपत को कम करने का लक्ष्य रखा है जिससे 250 करोड़ रुपये की सालाना बचत होगी। भारतीय रेलवे की मानसिकता बदल गई है और हम एक ऐसी इच्छाशक्ति के साथ काम कर रहे हैं जिससे आक्रामक लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे सामान्य लोगों के लिए समयबद्ध तरीके से सेवा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा हैद्यरेलवे कर्मियों ने प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए खुद को नए विश्वास के साथ समर्पित किया है। हम समयबद्ध तरीके से कुशलतापूर्वक, प्रभावी रूप से परिणत करने के लिए काम कर रहे हैं। भारतीय रेलवे वास्तव में एक विश्व स्तरीय आधुनिक ट्रांसपोर्टर है।
































