टाइम्स/सिलीगुड़ी। स्वर्ण जयन्ती के उपलक्ष्य में सालूगाड़ा मानव धर्म आश्रम में रविवार मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में सिलीगुड़ी ग्रेटर लायंस क्लब के द्वारा निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य मानव धर्म आश्रम के आस-पड़ोस के गाँव में बसने वाले गरीब लोगों को निःशुल्क नेत्र जाँच की सुविधा मुहैया करवाना था जो साधन एवं धन के अभाव में नेत्र सम्बन्धी बीमारियों के ईलाज के लिए दूर नहीं जा पाते। इस शिविर से लाभ प्राप्त करने के लिए सद्गुरू सतपाल जी महाराज के भक्तगण भी सिलीगुड़ी , खपड़ैल , शिवमन्दिर , एनजीपजी सहित कई जगहों से पहुँचे थे। इस शिविर में नेत्र जाँच के दौरान जिन मरीज को ऑपरेशन की आवश्यकता थी उसे लायंस क्लब हॉस्पिटल में निःशुल्क ऑपरेशन के लिये मंगलवार पहुचने को कहा गया है।
समिति के सिलीगुड़ी तहसील के अन्तर्गत सालूगाड़ा शाखा में होली मिलन सत्संग समारोह का आयोजन इक्कीस को होने जा रहा है । इसी होली के शुभ अवसर पर यह निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया गया ! इसमें ग्रेटर लायंस क्लब के डॉक्टर अस्मिता मुखर्जी के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम आई थी ।
मानव धर्म आश्रम के प्रभारी महात्मा तारकेश्वरानन्द ने बताया कि उत्तर पूर्वांचल क्षेत्र में मानव धर्म के प्रचार प्रसार के पचास वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष मानव उत्थान सेवा समिति ने प्रत्येक आध्यात्मिक प्रोग्राम स्वर्ण जयन्ती के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। महात्मा ने कहा कि सद्गुरु सतपाल जी महाराज के मार्ग दर्शन में हमारा समिति जगह जगह धार्मिक कार्यों के साथ साथ सामाजिक कार्य भी कर रही है। महात्माजी ने कहा कि जिस प्रकार आँख के डॉक्टर लोगों के भौतिक नेत्र का इलाज करते हैं और मोतिबिम्ब के कारण बन्द आखों को खोलते हैं उसी प्रकार हमारे सद्गुरु सतपाल जी महाराज लोगों को अध्यात्म ज्ञान देकर उनका तीसरा नेत्र खोलते हैं।



































