अखिलेश का भाषण बचकाना व तथ्यों से परे: भाजपा

0
585

संवाददाता/लखनऊ  :  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को विधान परिषद में दिए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाषण को बचकाना और तथ्यों से परे बताया है। साथ ही कहा कि अखिलेश को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार की लोकप्रियता देखी नहीं जा रही है, इसलिए अनर्गल बयानबाजी कर अपनी खीज मिटा रहे हैं।

प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चंद्रमोहन ने कहा, 26 जुलाई को विधान परिषद में बजट पर सामान्य चर्चा के दौरान यादव का भाषण बचकाना और तथ्यों से परे था। भाजपा सरकार के बजट को विकास रोकने वाला बजट कहना उनकी अज्ञानता को ही जाहिर कर रहा है। अगर यादव ने भाजपा सरकार के सबका साथ, सबका विकास की भावना से पेश किए गए बजट का अध्ययन किया होता तो वह ऐसा भाषण नहीं देते। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, अखिलेश के पिछले शासनकाल में शायद ही कोई ऐसी योजना हो जो भ्रष्टाचार का शिकार न हुई हो। अब जब भाजपा सरकार पिछली सरकार में हुई जनता के धन की लूट का हिसाब मांग रही है तो सपा नेता चिढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी की जीरो टॉलरेंस की नीति से परेशान और लोगों का खुद के भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने के लिए सपा अध्यक्ष अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। चंद्र मोहन ने बताया, भाजपा सरकार ने भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान छेड़ा है। पिछली सपा सरकार में संरक्षण पाए भूमाफियाओं को बचाने के लिए सपा नेता एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं, लेकिन योगी सरकार ऐसे सभी माफियाओं और अपराधियों पर कार्रवाई करने के लिए संकल्पबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here