दिल्ली में हिंसक विरोध प्रदर्शन पर तेज, सियासत पर आप जिम्मेदार : मनोज तिवारी

0
512

संवाददाता/नई दिल्ली। दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार को नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने जमकर तांडव मचाया। 3 बसों को फूंक दिया, कई वाहनों में तोड़फोड़ की। हिंसक प्रदर्शनकारियों ने आग बुझाने आई दमकल की गाड़ियों को भी नहीं बख्शा और एक गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। नागरिकता कानून के विरोध के नाम पर सड़क पर मचाए गए इस तांडव पर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। बीजेपी ने इस हिंसा के लिए सीधे-सीधे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया है। दूसरी तरफ, केजरीवाल ने लोगों से शांति की अपील करते हुए कहा है कि हिंसा को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई हिंसा के लिए सीधे-सीधे अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया है। तिवारी ने आम विरोध-प्रदर्शन का एक विडियो भी ट्वीट किया जिसमें आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे हैं। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल के इशारे पर अमानतुल्ला खान ने प्रदर्शनकारियों को भड़काया। तिवारी ने विडियो के साथ ट्वीट किया, ‘अरविंद केजरीवाल के इशारे पर आप का विधायक जनता को भड़का रहा है। भारत का मुसलमान भारत के साथ है, तुम जैसे गद्दारों की बातों में आने वाला नहीं। लोगों को उकसाना बंद करो। दिल्ली की जनता आप गद्दारों को सबक सिखाएगी। आप का पाप सामने आ रहा है।’

दूसरी तरफ दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के हिंसक हो जाने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से शांति की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘किसी को भी हिंसा भी शामिल नहीं होना चाहिए। किसी भी तरह की हिंसा अस्वीकार्य है। विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए।’

वहीं आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो चुके कपिल मिश्रा ने तो केजरीवाल पर दिल्ली में गोधरा कांड करने की तैयारी का आरोप लगाया है। मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि यह आतंकवादी हमला है। सीएनजी सिलिंडर वाली बस में आग लगाने का मतलब बड़े ब्लास्ट करने की साजिश है। उन्होंने भी आप विधायक अमानतुल्ला को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।

बीजेपी के हमलों के बीच आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान ने हिंसा में अपनी किसी भी तरह की भूमिका से साफ इनकार किया है। उन्होंने स्वीकार किया कि वह रविवार को नागरिकता कानून के खिलाफ इलाके में हुए एक प्रदर्शन में हिस्सा जरूर लिया, लेकिन वह प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। खान ने कहा कि रविवार को जामिया इलाके में 2 विरोध-प्रदर्शन हुए। हिंसा न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी वाले प्रदर्शन में हुई, जबकि वह उससे अलग एक दूसरे प्रदर्शन में शामिल हुए थे जो पूरी तरह अहिंसक था। उन्होंने कहा, ‘जिस जगह हिंसा हुई, वहां मैं नहीं था। एसएचओ शाहीनबाग मौके पर मौजूद थे, प्रोग्राम की विडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी भी उनके पास है।’ जिस इलाके में विरोध-प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई, वहां अमानतुल्ला खान को देखे जाने पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह हिंसा में शामिल तत्वों की जांच कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here