श्रीदेवी के निधन से गमगीन हुआ बॉलीवुड

0
1012

प्रेट्र/मुंबई : दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के असामयिक निधन से भारतीय फिल्म उद्योग सदमे में है। स्वर कोकिला लता मंगेशकर, अभिनेत्री काजोल, रितिक रोशन तथा दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत ,चिरंजीवी और नागर्जुन एवं फिल्म ‘‘बाहुबली’’ निर्देशक एस एस राजामौली सहित बॉलीवुड की कई जानीमानी हस्तियों ने श्रीदेवी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
श्रीदेवी (54 वर्ष) का बीती रात दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। श्रीदेवी ने लगभग पांच दशक के अपने करियर में तमिल, तेलुगू, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषा की फिल्मों में काम किया। श्रीदेवी पर फिल्माये गए गानों जैसे ‘‘मेरे हाथों में’’, ‘‘मोरनी बागा मा’’, ‘‘कभी मैं कहूं’’, और ‘‘नैनों में सपना’’ के लिए अपनी आवाज देने वाली स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने लिखा, ‘‘मैं यह विश्वास नहीं कर पा रही हूं कि श्रीदेवी ने इतनी कम आयु में दुनिया छोड़ दी है। मेरे पास शब्द नहीं हैं। बोनी कपूर और उनके दो पुत्रियों के प्रति मेरी संवेदना है।’’
गायिका आशा भोसले ने भी श्रीदेवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, ‘‘श्रीदेवीजी के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। हमारा बहुत लंबा जुड़ाव रहा है। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’’ अभिनेत्री विद्या बालन ने सोशल मीडिया में लिखा, ‘‘मेरी प्रेरणास्रोत नहीं रहीं…।’’
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी, अभिनेता रजनीकांत और संगीतकार इलैयाराजा ने पद्मश्री से सम्मानित श्रीदेवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष एम के स्टालिन ने भी श्रीदेवी के निधन पर दुख जताया।
रजनीकांत ने लिखा, ‘‘मेरे बहुत ही कम घनिष्ठ मित्र हैं और श्रीदेवी उनमें से एक थीं। मैंने उन्हें खो दिया है। मैं निजी तौर पर दुखी हूं।’’ प्रमुख अनिवासी भारतीय उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल ने भी अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, ‘‘श्रीदेवी के असामयिक निधन की जानकारी होने पर स्तब्ध हूं। उनके निधन से भारत ने एक सच्चा स्टार खो दिया है।’’
अभिनेता रितिक रोशन ने लिखा, ‘‘मेरी प्रेरणा नहीं रहीं….।’’ अभिनेता चिरंजीवी ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘श्रीदेवी का असामयिक निधन भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बहुत दुखद है। मैं उनके परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ नागार्जुन ने ट्वीट किया, ‘‘मैं सुबह से ही श्रीदेवी के निधन की सच्चाई का सामना करने के लिए स्वयं को तैयार कर रहा था…।’’  एस एस राजामौली ने लिखा, ‘‘दुखद समाचार सुनकर स्तब्ध हूं। 54 वर्ष की आयु में से 50 वर्षों तक एक उत्कृष्ट अभिनेत्री रहीं। क्या सफर है…और आकस्मिक निधन। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’
श्रीदेवी के साथ फिल्म ‘‘चालबाज’’ में काम कर चुके सनी देओल ने ट्वीट करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।काजोल ने श्रीदेवी के निधन को भारतीय सिनेमा को एक बड़ी क्षति बताया।
श्रीदेवी के रिश्तेदार एवं अभिनेता मोहित मारवाह ने इंस्टाग्राम पर श्रीदेवी की एक तस्वीर डालकर लिखा, ‘‘आप की कमी हमेशा महसूस होगी।’’ श्रीदेवी मोहित के विवाह में हर शामिल होने के लिए ही दुबई गई थीं। निर्देशक..निर्माता करण जौहर ने लिखा कि जब वह श्रीदेवी से अपने पिता के फिल्म ‘‘गुमराह’’ के सेट पर सबसे पहले मिले तो उन्हें एक प्रशंसक के तौर पर अनुभव हुआ था। प्रियंका ने लिखा, ‘‘मेरे पास शब्द नहीं हैं। श्रीदेवी से प्यार करने वाले हर शख्स के लिये मेरी संवेदनाएं हैं। दुखद दिन। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’
कॉमेडियन जॉनी लीवर ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत अभिनेत्री के परिवार के लिये प्रार्थना की। सिद्धार्थ मल्होत्रा ने लिखा, ‘‘श्रीदेवी मैम अब नहीं रहीं, यह सुनकर वाकई में मैं सदमे में और व्यथित हूं। आपकी आत्मा को शांति मिले।’’ अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने पोस्ट किया, ‘‘इस खबर को सुनकर दिल टूट गया। अब तक जितने लोगों को मैं जानता हूं उनमें से वह सबसे स्नेहमयी और दयालु थीं। मेरे पास शब्द नहीं हैं। सदमे में हूं। श्रीदेवी की आत्मा को शांति मिले। दुख की इस घड़ी में ईश्वर परिवार के सभी लोगों को ताकत दे।’’
रितेश देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘दिल को झकझोर देने वाली खबर… मेरे पास शब्द नहीं हैं। बहुत सदमे में हूं। श्रीदेवीजी अब नहीं रहीं… ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’ सुष्मिता सेन ने कहा कि जब से यह दुखद खबर उन्होंने सुनी है तब से वह गमगीन हैं। उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने अभी अभी सुना कि दिल का दौरा पड़ने से श्रीदेवी मैम का निधन हो गया। मैं बहुत सदमे में हूं… मेरे आंसू रुक नहीं पा रहे हैं।’’  अभिनेत्री निमरत कौर ने ट्वीट किया, ‘‘श्रीदेवी के निधन के बारे में सुनकर बेहद स्तब्ध हूं। कैसा दुखद पल है यह।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here