संत निरंकारी मिशन कोटद्वार का आध्यात्मिकता के साथ समाज सेवा का दिखा स्वरूप

0
611

राजेन्द्र शिवाली/कोटद्वार। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता के मार्गदर्शन में संत निरंकारी मिशन की कोटद्वार शाखा का भाबर क्षेत्र के धुर्वपुर स्थित गढ़वाली टंकी में आयोजित समागम में आध्यात्मिकता के साथ ही समाज कल्याण सेवाओं का सुंदर स्वरूप देखने को मिला। एक ओर जहां जोनल लेवल महिला समागम का दृश्य दिखा वहीं दूसरी तरफ मानवता के कल्याणार्थ रक्तदान एवं नेत्रदान शिविर लगाए गए जिसमें निरंकारी भक्त उत्साहपूर्वक शामिल हुए। जोनल लेवल महिला समागम में सतगुरु माता जी का प्रेरणादायक संदेश देने के लिए संत निरंकारी मंडल, प्रचार विभाग के मेंबर इंचार्ज पूजनीय बहन राजकुमारी उपस्थित हुईं।

उन्होंने कहा कि सतगुरु का मार्गदर्शन जीवन को आनंद और संतोष से भर देता है। जब आत्मा परमपिता परमात्मा के साथ जुड़ती है तो उसे निज घर का एहसास होता है। सतगुरु हमें सच का बोध कराते हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग परमात्मा को ढूंढने के लिए दूर-दूर जाते हैं, लेकिन वास्तव में वह तो कण-कण में विराजमान हैं। पूर्ण सतगुरु हमें इस सत्य का एहसास कराते हैं कि परमात्मा सदैव हमारे साथ है और उसी के ज्ञान से जीवन में शांति और स्थिरता मिलती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार महिलाओं की भूमिका परिवार को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण होती है, ठीक इसी प्रकार महिलाओं को चाहिए कि वे अपने बच्चों को भी प्रारंभ से ही संगत और भक्ति की राह पर चलने के लिए प्रेरित करें।

महिला समागम के अतिरिक्त समाज कल्याण की सेवाओं के अंतर्गत रक्तदान शिविर में सम्मलित हुए श्रद्धालु भक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए दिल्ली से आए नरेंद्र सिंह (वाइस चेयरमैन, सीपीएबी, संत निरंकारी मंडल) एवं जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने उनकी निःस्वार्थ सेवाओं की सरहाना की। समागम के दौरान संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्त संग्रहित करने के लिए हिमालयन ब्लड बैंक जॉलीग्रांट और राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार के ब्लड बैंक से डॉक्टर एवं उनकी टीम उपस्थित हुई।

रक्तदान शिविर में 160 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इसके अलावा नेत्रदान शिविर में लगभग 60 अनुयायियों ने नेत्रदान का संकल्प लिया। शिविर में रक्तदान करने आए कई युवा हीमोग्लोबिन की कम मात्रा के कारण रक्तदान करने में असफल रहे। शिविर में चिकित्सकों ने युवाओं को फास्ट फूड से दूर रहने और पौष्टिक आहार ग्रहण करने की सलाह भी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here