विवाद समाप्त होने तक बिहार में प्रदर्शित नहीं होगी पद्मावती: नीतीश

0
1006

पटना/वेबवार्ता : फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की विवादास्पद फिल्म पद्मावती विवाद समाप्त होने तक बिहार में प्रदर्शित नहीं होगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फिल्म को लेकर अधिकारियों से कहा कि जब तक विवाद खत्म नहीं हो जाता, यह बिहार में नहीं दिखाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यहां तक कह डाला कि जब तक फिल्म से जुड़े लोग चल रहे विवाद पर अपनी सफाई नहीं देते, यह फिल्म बिहार में प्रदर्शित नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि जब तक संजय लीला भंसाली और फिल्म से जुड़े लोग विवाद के संबंध में सफाई नहीं देंगे, यहां कोई फिल्म नहीं चलेगी। इससे पहले सुपौल के छातापुर से भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को फिल्म पद्मावती पर बिहार में प्रतिबंध लगाने से संबंधित एक पत्र सौंपा। विधायक नीरज ने कहा कि इतिहास की किताबों में कहीं भी रानी पद्मावती के नृत्य करने का वर्णन नहीं है, जबकि फिल्म के ट्रेलर में उन्हें नृत्य करते दिखाया गया है।

उन्होंने कहा कि इतिहास के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जा सकती। इससे पूर्व कई संगठन पद्मावती फिल्म को लेकर यहां विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। बिहार के मंत्री जय कुमार सिंह और विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू भी इस फिल्म को लेकर विरोध जता चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here