नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली को गुरुवार को पद्म पुरस्कार से नवाजा गया। राष्ट्रपति भवन में प्रेसिडेंट प्रणब मुखर्जी ने उन्हें पद्म श्री सम्मान दिया। इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी को पद्म विभूषण पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी प्रमुख) शरद पवार, आध्यात्मिक गुरु जग्गी वासुदेव, गायक कैलाश खेर समेत 89 हस्तियों को पद्म सम्मान प्रदान किया गया। शरद पवार और मुरली मोहनर जोशी के अलावा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा (मरणोपरांत), लोकसभा के पूर्व स्पीकर पीए संगमा (मरणोपरांत) तथा गायक येशुदास समेत 7 हस्तियों को यह सम्मान दिया गया।
विराट कोहली के लिए कप्तान और खिलाड़ी दोनों के तौर पर 2016-17 का सत्र शानदार रहा। वह महेंद्र सिंह धौनी के बाद आईसीसी की टेस्ट रेंकिंग में भारत को नंबर एक टीम बनाने वाले दूसरे कप्तान बने। विराट कोहली के आलावा सात और स्पोर्ट्समैन को प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार के लिए चुना गया था। विराट कोहली के अलावा जिन खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कार के लिए नामित किया गया था उनमें रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक, पैरालम्पियन मरियाप्पन थंगावेलू और दीपा मलिक, जिम्नास्ट दीपा करमाकर, भारतीय हाकी कप्तान पी आर श्रीजेश, चक्काफेंक खिलाड़ी विकास गौड़ा और दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम के कप्तान शेखर नाईक शामिल हैं। बीसीसीआई ने विराट कोहली को इस साल 15 जनवारी को क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में भारतीय टीम की कमान सौंपी थी। साक्षी मलिक ने महिलाओं की 58 किलो कुश्ती में कांस्य पदक जीता था।
थंगावेलू और दीपामलिक ने रियो परालम्पिक में पुरुषों की ऊंचीकूद टी42 और महिलाओं की शाटपुट एफ 53 वर्ग में स्वर्ण और रजत पदक जीते थे। दीपा रियो ओलंपिक में महिलाओं की वोल्ट जिम्नास्टिक स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही जबकि श्रीजेश ओलंपिक क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय हॉकी टीम के कप्तान थे। गौड़ा ने राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 89 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी। किसी खिलाड़ी को पद्म भूषण या पद्म विभूषण के लिए नहीं चुना गया था।
साभार: वेबवार्ता































