समस्याओं को लटकाकर रखना हमारी प्रवृत्ति नहीं है और न ही हमारा संस्कार: मोदी

0
589

संवाददाता/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रामलीला मैदान में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘समस्याओं को लटकाकर रखना हमारी प्रवृत्ति नहीं है और न ही हमारा संस्कार है। पीएम उदय योजना दिल्ली की कच्ची कालोनियों के 40 लाख लोगों के जीवन में नया सवेरा लाने वाली है।’’

संशोधित नागरिकता कानून के विरोध को लेकर देशभर में हो रहे प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विविधता में एकता भारत की विशेषता है। मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री उदय योजना के माध्यम से लोगों को अपने घर और अपनी जमीन पर सम्पूर्ण अधिकार मिल पाया है और उन्हें संतोष है कि दिल्ली के 40 लाख लोगों के जीवन में नया सवेरा लाने का यह अवसर उन्हें और भाजपा को मिला है।

मोदी ने विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आते थे तो तारीखें आगे बढ़ाई जाती थीं, बुलडोजर का पहिया कुछ समय के लिए रुक जाता था, लेकिन समस्या वहीं की वहीं रहती थी। लोगों को इस चिंता से मुक्त करने और इस समस्या के स्थायी समाधान की ईमानदारी और नीयत इन लोगों ने कभी नहीं दिखाई ।                   प्रधानमंत्री ने कहा कि काफी कम समय में प्रौद्योगिकी की मदद से दिल्ली की 1,700 से ज्यादा कॉलोनियों की बाउंडरी को चिह्नित करने का काम पूरा किया जा चुका है। इतना ही नहीं 1,200 से ज्यादा कॉलोनियों के नक्शे भी पोर्टल पर डाले जा चुके हैं। विपक्षी कांग्रेस एवं आप पर परोक्ष निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि जिन लोगों पर आप लोगों ने अपने घरों को नियमित कराने के लिए भरोसा किया था, वे खुद क्या कर रहे थे? इन लोगों ने दिल्ली के सबसे आलीशान और सबसे महंगे इलाकों में दो हजार से ज्यादा बंगले अवैध तरीके से अपने करीबियों को दे रखे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here