बिन्दापुर में पॉलीक्लीनिक का उद्घाटन, मिलेगी बड़े प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधा: केजरीवाल

0
688

संवाददाता/नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बिन्दापुर में पॉलीक्लीनिक का उद्घाटन किया। दीन दयाल उपाध्याय से संबद्ध यह पॉलीक्लीनिक में सभी तरह के इलाज मुफ्त किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पॉलीक्लीनिक में हड्डी, बच्चों, महिलाओं व फिजियोथेरेपिस्ट समेत करीब 7 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है।

पॉलीक्लीनिक के उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री सतेंद्र जैन, उत्तम नगर से विधायक नरेश बाल्यान और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव संजीव खिरवार भी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पॉलिक्लीनिक के शुरू होने से सभी लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भगवान न करे कि किसी के घर में कोई बीमार हो। आप सभी स्वस्थ्य रहें, लेकिन कभी कोई बीमार होता है, तो अब आपके इलाज के लिए एक सुविधा हो गई है। बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए इस पॉलिक्लीनिक में लेकर आ सकते हैं। यहां पर सभी तरह के इलाज मुफ्त किए जाएंगे। सारी दवाइयां व सारा टेस्ट मुफ्त किया जाएगा। यहां पर हड्डियों, बच्चों, महिलाओं, फिजियोथेरेपिस्ट व एमडी मेडिसीन आदि के छह से सात विशेषज्ञ डॉक्टर नियुक्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले जब भी कोई कोई व्यक्ति सरकारी अस्पताल के बारे में सोचना था, तो उसके मन में टूटी-फूटी दीवारें, टूटा-फूटा फर्श ही नजर आता रहा होगा। सोचता रहा होगा कि डॉक्टर मिलेंगे ही नहीं। लेकिन अब दिल्ली के अंदर पहली बार इस किस्म के एयर कंडीशन युक्त अस्पताल बना है। अस्पताल में लिफ्ट भी है और सभी तरह की सुविधाए भीं हैं, जो आपको मैक्स व फोर्टिस जैसे बड़े-बड़े अस्पतालों में मिलती हैं। वैसी ही सुविधाएं अब आपको इस अस्पताल में मिलेंगी।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुझे खुशी है कि पहली बार दिल्ली में कच्ची कॉलोनी में रहने वाले लोगों को स मान व सुविधाएं मिलनी चालू हुई हैं। पिछले 70 साल से कच्ची कॉलोनी के लोगों को केवल अपमान और राजनीति देखने को मिली है। जब भी चुनाव होते थे, तब यह सारी राजनीतिक पार्टियां आपके पास आकर कहती थीं कि हमको वोट दे दो। हम जीत गए तो आपकी कॉलोनी पक्की कर देंगे। लेकिन 70 साल में किसी भी पार्टी की सरकार ने आप लोगों के साथ न्याय नहीं किया।

केजरीवाल ने कहा कि मुझे याद है कि पिछले चुनाव के पहले जब मैं कच्ची कॉलोनियों में जाया करता था, तब लोग अपने घर के सामने की टूटी-फूटी सड़क दिखाया करते थे। बिल्कुल टूटी-फूटी सड़क होती थी। कई लोग कहते थे बारिश के दिनों में काफी कीचड़ हो जाता है। कुछ लोग कहते थे कि बच्चों के रिश्ते नहीं आते हैं। रिश्ते लेकर आने वाले कहते हैं कि किस हालत में रहते हो। आज हमने सभी कच्ची कॉलोनियों में सड़क, नाली, पानी व सीवर, सीसीटीवी कैमरे और मोहल्ला क्लीनिक के आर्डर दे दिए हैं। दिल्ली में 1797 कच्ची कॉलोनियां हैं। इसमें से 1281 कच्ची कॉलोनियों में हमने सड़कें भी बनवा दी, गलियां भी बनवा दी, नाली भी बनवा दिए, पानी व सीवर की पाइप लाइन डलवा दी। मोहल्ला क्लीनिक भी बन रहे हैं। अभी जितनी कच्ची कॉलोनियां बची हैं, उनमें काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगले डेढ़ से दो साल के अंदर बची हुई कच्ची कॉलोनियों में काम पूरा हो जाएगा। उसके लिए हमने ऑर्डर दे दिया है और बजट भी स्वीकृत कर दिया है। अगर हम पांच साल में कर सकते हैं, तो इन्होंने 70 साल में क्यों नहीं किया।

सभी पार्टियों की नीयत थी खराबः केजरिवाल
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि अगर पांच साल के अंदर आपकी गलियां, नालियां, पानी व सीवर बना सकते थे, तो 70 साल में यह भी कर सकते थे। इनकी नीयत खराब थी। पैसे की कमी तो नहीं थी। पैसा तो उतना ही है। मैंने आपका कोई टैक्स तो बढ़ाया नहीं, उल्टा सारी चीजें माफ ही करता जा रहा हूं। आपकी बिजली मुफ्त कर दी, बसों का किराया मुफ्त कर दिया और इतने स्कूल, अस्पताल व मोहल्ला क्लीनिक बन रहे हैं। इस सब का एक ही कारण है कि आपने एक इमानदार सरकार चुनी है। हम हर तरह से पैसा बचा रहे हैं। जब हमने महिलाओं के बसों का किराया मुफ्त किया, तो विपक्षी पार्टी वालों ने खूब बिरोध किया। विपक्षी पार्टी ने बोला कि केजरिवाल पैसे लुटा रहा है।               केजरीवाल पैसे बर्बाद कर रहा है। इतने पैसे कहां से आएंगे। मैं यहां बताना चाहता हूं कि महिलाओं का किराया माफ करने के लिए कुल 140 करोड़ रुपये लगे। दूसरे राज्य के एक मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने अपने लिए 190 करोड़ रुपये के हवाई जहाज खरीदा है। मैने अपने लिए हवाई जहाज नहीं खरीदा, उससे मां-बहनों के बस का किराया माफ कर दिया। हम फिजूलखर्ची नहीं करते हैं। हम पैसा लुटने नहीं देते हैं। हम भ्रष्टाचार नहीं होने देते हैं। इस सारे पैसे से हमने आपको इतनी सारी सुविधाएं दे दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो छोटे लोग थे। पांच साल पहले लोग हमें जानते भी नहीं थे। एक छोटे से परिवार से आता हूं। इसलिए परिवार का क्या दर्द है, यह समझता हूं। पहले जब महीने में पांच-छह हजार रुपये का बिजली का बिल आता था, तब परिवार में मायूसी छा जाती थी। पिछले पांच साल से दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों को फीस नहीं बढ़ाने दी। सरकारी स्कूल इतने अच्छे कर दिए कि लोग अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों से निकाल कर सरकारी स्कूलों में भर्ती करा रहे हैं। आज सरकारी स्कूलों में आपकी सारी शिक्षा माफ है। सारा इलाज, बिजली व पानी माफ है। बसों में महिलाओं का सफर माफ है। ऐसी सरकार तो पूरी दुनिया में नहीं होगी, जैसी सरकार आज आपके दिल्ली के अंदर काम कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here