संवाददाता/बहादुरगढ़ : विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि सड़कों के नवीनीकरण के साथ ही सिंचाई सिस्टम को दुरूस्त करने की दिशा में सरकार की ओर से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मौजूदा सरकार के सवा चार साल के कार्यकाल में बहादुरगढ़ हलके में जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को मूर्त रूप दिया गया है।
विधायक कौशिक गांव लोवा कलां में करीब तीन करोड़ रूपए की विकास परियोजनाओं कृषि विपणन बोर्ड द्वारा बीर-बरकताबाद से इस्सरहेड़ी गांव को जोडऩे वाली लिंक सड़क तथा सिंचाई विभाग की ओर से सुर्खपुर माइनर के नवीनीकरण कार्य के शुभारंभ अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। गांव में पहुंचने पर ग्रामीण बुजुर्गों ने मान-सम्मान की प्रतीक पगड़ी बांधकर विधायक का अभिनंदन किया। विधायक नरेश कौशिक ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों व संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में करीब 1.67 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली बीर-बरकताबाद गांव से इस्सरहेड़ी गांव को जोडऩे वाली लिंक सड़क तथा सिंचाई विभाग की ओर से करीब 1.23 करोड़ रूपए की लागत से सुर्खपुर माइनर के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सड़कों का जुड़ाव विकास का वाहक है ऐसे में मार्केटिंग बोर्ड के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ा जा रहा है। वहीं अंतिम छोर तक पानी निर्बाध रूप से पहुंचे इसके लिए माइनर का नवीनीकरण कार्य करवाया जा रहा है।
मांडौठी से कसार सहित विभिन्न सड़कों का होगा सुधारीकरण : विधायक नरेश कौशिक ने ग्रामीणों को बताया कि बहादुरगढ़ हलके के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का नवीनीकरण व सुधारीकरण किया जा चुका है। साथ ही जो मांग उनके समक्ष आती है उसे पूरा करवाते हुए भी लोगों को लाभांवित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बहादुरगढ़ हलके से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को पूरा करने की मांग उन्होंने विधानसभा सत्र में रखी थी और तत्परता से सरकार की ओर से गांव मांडौठी से कसार गांव की 5.600 किलोमीटर लंबी सड़क के सुधारीकरण के लिए 3 करोड़ 63 लाख रूपए की राशि को मंजूर कर दिया। वहीं जाखौदा रेलवे फाटक से बराही गांव की सड़क के सुधारीकरण के लिए 1 करोड़ 85 लाख रूपए की राशि मंजूर की। इतना ही नहीं सरकार की ओर से बहादुरगढ़-झज्जर शहर की बेहतर कनेक्टिविटी हो इसके लिए सड़क के चौड़ा करने के साथ ही सुधारीकरण कार्य हेतु करीब 9.80 करोड़ रूपए की राशि मंजूर की है। बहादुरगढ़ से बादली रोड के सुधारीकरण के लिए 3 करोड़ 70 लाख रूपए की राशि जारी से काम शुरू करने की प्रक्रिया को मंजूरी प्रदान की है।


































