राजेश आहूजा/सोनीपत : मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा प्रत्येक जिला में सभी सुविधाओं से लैस मीडिया सेंटर की घोषणा को लागू करते हुए जिला सोनीपत में पीडब्लूडी रेस्ट हाउस परिसर में मीडिया सेंटर बनाने को निर्णय लिया गया है। मीडिया सेंटर के लिए 20 लाख रुपये की लागत से दो मंजिला भवन बनाया जाएगा। सम्बंधित अधिकारी शुक्रवार को शहर के पत्रकारों के साथ मीडिया सेंटर के भवन का निरीक्षण कर रहे थे। मीडिया सेंटर पत्रकारों के लिए एक बेहतरीन सौगात है। यहां सभी पत्रकारों के लिए एक सभी सुविधाओं से युक्त कंप्यूटर लैब, उनके बैठने के लिए कामन रूम, पैंट्री और प्रथम तल पर कांफ्रेस हाल का निर्माण करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी कमरे वातानुकूलित और ब्राड बैंड इंटरनेट की सुविधा से युक्त होंगे। यह भवन बनने के बाद जिला के सभी पत्रकारों को कार्य करने के लिए एक उपयुक्त स्थान मिलेगा। पिछले दिनों पंचकूला में पत्रकार सम्मेलन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रत्येक जिला में मीडिया सेंटर बनाने की घोषणा की थी और इस पर अमल करते हुए जिला सोनीपत में सबसे पहले इसके लिए भवन उपलब्ध करवाया गया है। नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भवन निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम, पीडब्लूडी के एक्सईएन विकास रंगा, एसडीओ पंकज गौड, नगर निगम के एक्सईएन राधेश्याम शर्मा, एमई मनोज कुमार सहित शहर के सभी पत्रकार मौजूद थे।

































