नजफगढ़ में 131 कार्टन अवैध शराब बरामद, द्वारका स्पेशल स्टाफ के हत्थे चढ़ा एक शराब तस्कर

0
181

नई दिल्ली (सुनील बाल्यान),24अगस्त: द्वारका ज़िले की स्पेशल स्टाफ पुलिस ने एक शराब तस्कर को नजफगढ़ के दिचाऊं कलां डिपो के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए तस्कर का नाम अलोक कुमार है जो पालम के राज नगर का रहने वाला है। पुलिस ने इसके पास से 131 कार्टन अवैध शराब और वारदात में इस्तेमाल किया गया एक टेम्पो और 2 स्कूटी को बरामद किया है। इसके ऊपर पहले से ही अवैध शराब तस्करी के दो मामले दर्ज़ है।

द्वारका ज़िले के डीसीपी अंकित सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक शराब तस्कर टेम्पो में हरियाणा से अवैध शराब की बड़ी खेप नजफगढ़ में दिचाऊं कलां डिपो के पास लेकर आने वाला है। इसे दबोचने के लिए ऑपरेशन सेल के एसीपी राम अवतार और इंस्पेक्टर कमलेश कुमार की देखरेख में एएसआई रेशम सिंह, हेड कांस्टेबल विजेंदर, देव प्रकाश, बच्चू सिंह, इन्दर और कांस्टेबल प्रदीप की टीम बनाई गई। पुलिस ने दिचाऊं कलां डिपो के पास ट्रैप लगाया तभी उन्हें संदिग्ध परिस्थिति में तेज गति से एक टेम्पो आता हुआ दिखाई दिया।

पुलिस ने टेम्पो चालक को रुकने का इशारा किया परन्तु वह उन्हें चकमा देकर भागने की कोशिश करने लगा लेकिन पुलिसकर्मियो ने उसका पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। टेम्पो की तलाशी के दौरान उसमे से 100 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया की वह रूपक नाम के व्यक्ति के लिए अवैध शराब हरियाणा से लेकर आता है, बाद में पुलिस ने इसकी निशानदेही पर नजफगढ़ में रूपक के गोदाम पर छापा मारकर 31 कार्टन अवैध शराब और 2 स्कूटी को भी बरामद कर लिया लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी रूपक वहाँ से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस इससे पूछताछ कर इसके साथी रूपक की तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here