मिर्जापुर, उ० प्र० : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में ‘बिजली’ को लेकर जारी सियासी आरोप-प्रत्यारोप को नया आयाम देते हुए आज कहा कि आगामी 11 मार्च को राज्य विधानसभा चुनाव के नतीजे आने पर सपा, बसपा और कांग्रेस को ‘करंट’ लगेगा।
मोदी ने यहां भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प रैली’ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश ने उनसे बिजली आपूर्ति का पता लगाने के लिये तार छूने को कहा है लेकिन उनके ‘नये यार’ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने 14 सितम्बर 2016 को मिर्जापुर के मड़िहान क्षेत्र में अपनी ‘खाट सभा’ के दौरान खुद से बिजली का तार छू जाने पर परेशान हुए कांग्रेस नेता गुलाम नबी से कहा था कि आप चिंता मत करिये, यह उत्तर प्रदेश है,उस तार में बिजली नहीं है।
उन्होंने कहा ‘‘यह आपके इस नये यार का इसी मिर्जापुर में किया गया इकरार है। अब क्या मुझे तार छूने की जरूरत है…अखिलेश जी, अब जनता ने ऐसा तार बिछाया है कि 11 मार्च को सपा, बसपा, कांग्रेस तीनों को करंट लगने वाला है। जनता 11 मार्च को आपको जवाब देगी।’’ मोदी ने कहा कि अखिलेश के ‘नये यार’ जब खाट सभा करने निकले थे और लोग खटिया उठाकर ले गये थे, क्योकि जनता को मालूम था कि यह उन्हीं का माल है। अब वे लोग खटिया भी खड़ी करेंगे।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हर स्तर पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘यूपी में हर चीज का रेट तय है। अगर थाने में शिकायत दर्ज करानी है तो इतना :रिश्वत: देना पड़ेगा। शिकायत दर्ज नहीं होने देनी है तो इतना देना पड़ेगा। नौकरी, पेंशन स्कीम का लाभ, राशन कार्ड दिलवाने का भी रेट तय है। यूपी के भ्रष्टाचार के बारे में अशोक चक्रधर की कुछ पंक्तियां याद आती हैं, जिसमें उन्होंने भ्रष्टाचार के विभिन्न रूपों का वर्णन किया है। वह है, नजराना, शुक्राना, हकराना, जबराना। इन सबकी दवा एक ही है, वह है हराना। सपा, बसपा कांग्रेस को हराना।
साभार : पीटीआई
































