गुरूपूजा पर्व हमें मर्यादा, अनुशासन एवं सद्ज्ञान का संदेश देता है-सतपाल महाराज

0
1308

मुरादनगर 21 जुलाई, 2018। स्थानीय सतलोक आश्रम स्थित श्री हंस इन्टरमीडिएट कॉलेज परिसर में प्रति वर्ष की भांति मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय गुरु पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए समाजसेवी व उत्तराखंड़ सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज जी ने कहा कि गुरूपूजा पर्व हमें मर्यादा, अनुशासन एवं सद्शिक्षा का संदेश देता है। इसी के साथ-साथ यह पर्व ज्ञान अर्जन का पर्व है। सद्गुरू महाराज हमेशा अपने शिष्य को सद्ज्ञान की शिक्षा देकर आध्यात्मिक उँचाईयों तक पहुँचातें है जिससे शिष्य अपनी आत्मा का कल्याण कर सके और दूसरों के लिए प्रेरणा का श्रोत बन सके।
उन्होने कहा कि ज्ञान का अंजन, ज्ञान का काजल समय के सद्गुरू महाराज जी के द्वारा ही प्राप्त होता है जो ज्ञान का प्रकाश देकर अज्ञानांधकार को दूर कर देते हैं और अन्तर्मन में प्रकाश ही प्रकाश हो जाता है। इस बात को विज्ञान ने भी अपने शोध में स्पष्ट किया है कि जो सकारात्मक शक्ति है, जो शक्ति प्रत्येक आदमी को कायम रखती है उसको हम नाना प्रकार से पुकारते है, जानते है। वही शक्ति हमारे जीवन को आगे बढ़ाती है।
श्री महाराज जी ने कहा कि आज सब लोगों के पास मोबाईल फोन है पर नेटवर्क होना चाहिए। जैसे नेटवर्क आपको कनेक्ट रखता है, आपको जोड़े रखता है, ऐसे ही प्रभु के ज्ञान का नेटवर्क होना आवश्यक है। जैसे वाई-फाई तो सब जगह है पर बिना पासवर्ड के आप उससे कनेक्ट नहीं हो सकते हैं। ऐसे ही प्रभु जो सर्वव्यापक है, उसका सच्चा नाम ही वह पासवर्ड है जो सब जगह ओत-प्रोत है।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने महाराज जी सहित सभी गणमाण्य अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। मंच संचालन महात्मा हरिसंतोषानन्द जी ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here