सुनील बाल्यान/नई दिल्ली| द्वारका ज़िले की जेलबेल सेल ने हथियार लेकर घूम रहे एक बदमाश को विपिन गार्डन से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए बदमाश का नाम अजय शर्मा है जो दिल्ली के करावल नगर का रहने वाला है। पुलिस ने इसके पास से एक पिस्टल और 2 ज़िंदा कारतूस बरामद किये है। इसके ऊपर पहले से दिल्ली के विभिन्न थानों में 8 आपराधिक मामले दर्ज़ है।
द्वारका ज़िले के डीसीपी अंकित सिंह ने जानकारी देते हुए बताया की पुलिस को सूचना मिली थी की मोहन गार्डन के विपिन गार्डन इलाके में एक बदमाश हथियार लेकर वारदात करने के इरादे से घूम रहा है। इसे दबोचने के लिए ऑपरेशन सेल के एसीपी राम अवतार और इंस्पेक्टर मंजीत की देखरेख में एएसआई हंस कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप, महेश, कांस्टेबल कुलवंत, रोहित, अंकुर और जयदीप की टीम बनाई गई। पुलिस ने विपिन गार्डन में ट्रैप लगाया तभी उन्हें वहाँ पर संदिगथ परिस्थिति में एक युवक घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश करने लगा लेकिन पुलिसकर्मियो में उसका पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। तलाशी के दौरान इसके पास से एक पिस्टल व 2 ज़िंदा कारतूस बरामद किये। फिलहाल पुलिस इससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।































