नागरिक पत्रकारिता : आम नागरिकों को पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रशिक्षित करने की दिशा में एक पहल।

0
1016

 

 संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली

नागरिक पत्रकारिता के अंग्रेजी पाठ्यक्रम की असीम सफलता के बाद दीपालय, मैककैंडलिश फ़िलिप्स जर्नलिज्म इंस्टिट्यूट,द किंग्स कॉलेज, न्यू यॉर्क (अमेरिका), के सहयोग से हिन्दी एवं अंग्रेजी में पुनः एक माह का कार्यक्रम 15 अक्टूबर 2020 से शुरू कर रहा है। यह कोर्स आम नागरिकों को पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रशिक्षित करने की दिशा में एक पहल है।

समाज के शैक्षिक विकास के लिए काम करने वाली संस्था ने समाज के बौद्धिक विकास के लिए एक नई शुरुवात की है जिसमे पाठ्यक्रम के दौरान इस बात पर चर्चा होगी कि यह नागरिक पत्रकार बनने का सबसे अनुकूल समय क्यों है, कोई व्यक्ति कैसे एक कुशल नागरिक पत्रकार बन सकता है इत्यादि। पत्रकारिता के क्षेत्र में समृद्ध अनुभव रखने वाले निपुण शिक्षकों का दल प्रतिभागियों को नागरिक पत्रकारिता की बारीकियां सिखाएगा। साथ ही, प्रतिभागी नागरिक पत्रकारिता की आवश्यकता और उसके कार्यक्षेत्र को भी जान सकेंगे। इस पहलू पर विशेष बल दिया जाएगा कि समाज को प्रभावित करने वाली खबरों को जनता के सामने किस प्रकार प्रस्तुत किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्थानीय अधिकारियों, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के कार्यों पर बारीकी से नज़र रखने और उन पर रिपोर्ट लिखने की कला से अवगत कराया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम के उपरांत वे रिपोर्ट को प्रस्तुत करने के लिए उपयुक्त माध्यम अथवा प्लेटफॉर्म का चयन कर सकने में सक्षम होंगे।

यह पाठ्यक्रम न केवल प्रतिभागियों को स्थानीय मुद्दों को समझने में सक्षम बनाएगा, अपितु यह भी सुनिश्चित करेगा कि वे खबर को पहचान पाएँ और उसे उपयुक्त माध्यम द्वारा रिपोर्ट करें। उन्हें समाचार संकलन की बारीकियों से अवगत कराया जायेगा और मुख्यधारा की पत्रकारिता से भिन्न और बेहतर रिपोर्टिंग करना सिखाया जायेगा।

शिक्षक दल — नलिन वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार व शिक्षाविद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री लालू प्रसाद यादव की जीवनी ‘गोपालगंज से रायसीना — मेरी राजनीतिक यात्रा’ के लेखक; अनिल चमड़िया, जाने-माने स्तंभकार, शिक्षाविद व ‘मास मीडिया’ और ‘जन मीडिया’ के संपादक; संतोष के. जॉय, स्वतंत्र वरिष्ठ पत्रकार व संचार शोधकर्ता; पी. एम. नारायणन, वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार; विवेक शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार, स्तंभकार व ‘गांधीज डेल्ही’ पुस्तक के लेखक, मोहन शिवानंद, पूर्व संपादक, रीडर्स डाइजेस्ट, सुकुमार मुरलीधरन, पूर्व संपादक व शिक्षाविद, डॉ. एस. फैजी, पर्यावरण विशेषज्ञ, कमोडोर लोकेश बत्रा, आर. टी. आई कार्यकर्ता, जेनिफर अरुल, वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार, आदि।

पाठ्यक्रम के विषय में बात करते हुए, ए. जे.फ़िलिप, सचिव एवं मुख्य कार्यकारी, दीपालय, ने कहा: “जब स्मार्टफोन रखने वाला हर व्यक्ति नागरिक पत्रकार हो तो इस प्रकार का पाठ्यक्रम काफी उपयोगी हो जाता है। यह कोर्स आपको बतौर नागरिक पत्रकार अपने कार्य को निपुणता के साथ सम्पन्न करने में सक्षम बनाएगा। हमारे अंग्रेजी पाठ्यक्रम की सफलता को देखते हुए, मैं कह सकता हूँ कि लोग नागरिक पत्रकारिता के महत्व को समझ रहे हैं। दीपालय, मैककैंडलिश फ़िलिप्स जर्नलिज्म इंस्टिट्यूट फिलिप्स, द किंग्स कॉलेज, न्यू यॉर्क, के सहयोग से इस एक महीने के कोर्स के माध्यम से इस आवश्यकता को पूरा कर रहा है।”

पाठ्यक्रम का उद्घाटन 15 अक्टूबर 2020 को शाम 6:00 बजे होगा। चार सप्ताह तक चलने वाला ऑनलाइन पाठ्यक्रम, शाम 6:00 से 7:30 बजे तक चलेगा।

दीपालय के बारे में

दीपालय आई. एस. ओ. 9001:2008 प्रमाणित ग़ैर-सरकारी संगठन है जो आत्मनिर्भरता को सक्षम करने में विश्वास रखता है। यह संस्था महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान देने के साथ शहरी व ग्रामीण गरीबों को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर कार्य करती है। दीपालय की स्थापना 16 जुलाई 1979 को सात सदस्यों द्वारा की गई थी। इन चार दशकों में, दीपालय अशिक्षा मिटाने की दिशा में प्रयासरत्त है। इन 41 वर्षों में, दीपालय ने शिक्षा (औपचारिक, ग़ैर-औपचारिक व  उपचारात्मक), महिला सशक्तीकरण (प्रजनन स्वास्थ्य, एस. एच. जी. व माइक्रो-फाइनेंस), दिव्यांगजनों, संस्थागत देखभाल, सामुदायिक स्वास्थ्य, व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं अन्य क्षेत्रों में कई परियोजनाएं शुरू किया। ये परियोजनाएं दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चल रही हैं।

मैककैंडलिश फ़िलिप्स जर्नलिज्म इंस्टिट्यूट, न्यू यॉर्क के बारे में

मैककैंडलिश फ़िलिप्स जर्नलिज्म इंस्टीट्यूट का गठन 2014 में न्यूयॉर्क शहर के द किंग्स कॉलेज में किया गया था। संस्थान का मिशन छात्रों को मीडिया में करियर बनाने के लिए प्रशिक्षित करना है। यह संस्थान छात्रों को पत्रकारिता की बारीकियाँ, नैतिक रिपोर्टिंग और लेखन कौशल सिखाता है।

अधिक जानकारी के लिए निम्न लिंक पर क्लिक करें

https://www.deepalaya.org/certificate-course-in-citizen-journalism

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here