भाजपा ने कहा-कांग्रेस देश को बताए कि चोरी-छिपे कहां जाते हैं सोनिया, राहुल व प्रियंका

0
672

संवाददाता/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेताओं के देश और विदेश दौरे के छिपाने पर सवाल खड़ा किया है। गुरुवार के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ल ने कहा कि एसपीजी सुरक्षा से कवर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव (उत्तर प्रदेश प्रभारी) प्रियंका वाड्रा की ओर से सैकड़ों बार सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया है।

मनीष शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की ओर से देश को बताया जाना चाहिए कि इनके नेता किस गुप्त कार्य से देश व दुनिया में चोरी-छिपे जाते हैं। जनता यह भी जानना चाहती है कि 2728 बार इन लोगों ने बिना एजेंसी को बताये देश-विदेश की यात्राएं कीं। उन्होंने कहा कि यह भी बतायें कि अगर उस दौरान सुरक्षा में चूक होती तो कौन जिम्मेदार होता। शुक्ला ने बताया कि 2015 से अभी तक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 65 बार देश में तथा 29 बार विदेश में प्रवास किया है। राहुल गांधी ने 1892 बार देश में व 247 बार विदेश की और श्रीमती प्रियंका वाड्रा ने 403 बार देश में व 94 बार विदेश की बिना सुरक्षा ऐजेंसी को बताये और सुरक्षा के बगैर यात्रा की।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि एक तरफ सुरक्षा मानकों का लगातार उल्लघंन किया जाता रहा तो दूसरी तरफ सुरक्षा बदले जाने पर कांग्रेस घड़ियाली आंसू बहा रही है। कांग्रेस देश को ऐसा दिखाना चाहती जैसे सुरक्षा बदली नहीं बल्कि हटा ली गई है। ये आंकड़े केवल 2015 से 2019 तक के हैं, उसके पूर्व जब केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी तो न जाने कितनी मनमानी की गई होगी?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here