संवाददाता/नई दिल्ली : करगिल युद्ध के विजय दिवस के 18 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जहां दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्षा पूनम महाजन और अति सम्मानित भारतीय सेना के जाबांज अधिकारी रहे मिश्रा के साथ श्रद्धाांजलि के पुष्प अर्पित किये।
भारत माता की गूंज और वंदे मातरम के उद्घोष के बीच आज यह दिवस पार्टी ने मनाया। पूरे देश में हर साल 26 जुलाई के दिन को कारगिल विजय दिवस के रूप में याद किया जाता है। वर्ष 1999 में पाकिस्तानी सेना और कश्मीरी उग्रवादियों ने कारगिल में नियंत्रण रेखा पार कर भारत की सरजमीं पर कब्जा करने की कोशिश की थी। जिसके फलस्वरूप भारत और पाकिस्तान के बीच मई से लेकर जुलाई तक युद्ध चला। 26 जुलाई को भारत ने इस युद्ध में जीत हासिल की। लेकिन जीत के साथ इस युद्ध में देश के सैकड़ों जवान के शहीद होने का दर्द भी शामिल था। तब से 26 जुलाई के दिन कारगिल शहीदों को नमन कर पूरे देश में इस दिन को कारगिल विजय दिवस के रूप में याद किया जाता है व शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है। इस बार 26 जुलाई को 18वां कारगिल विजय दिवस है।

































