सामाजिक जागरूकता और सामाजिक संवाद के लिए मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण: योगी आदित्यनाथ

0
795

एजेंसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक जागरूकता और सामाजिक संवाद के लिए मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर मीडिया और जनता को सक्रियता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर, 2019 तक महात्मा गांधी की 150 वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में प्रदेश को पॉलीथिन से मुक्त करने का लक्ष्य तय करते हुए कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार रात एक होटल में दैनिक जागरण समूह द्वारा आयोजित ‘यूपी रत्न सम्मान-2019’ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक योगदान करने वाली 25 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बढ़ते प्रभावों के बावजूद प्रिंट मीडिया आज भी अपनी प्रासंगिकता और पहचान बनाए हुए है। यह मीडिया लोगों के अन्तःकरण के साथ जुड़ता है। दैनिक जागरण ने भी जनता के बीच अपनी धार और पहचान कायम रखी है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफलाइटिस से प्रभावित व्यक्तियों के आकड़ों में पिछले दो वर्षों में उल्लेखनीय गिरावट की चर्चा करते हुए कहा कि यह सब जन जागरूकता और राज्य सरकार तथा मीडिया के प्रयासों से सम्भव हो सका है।

उन्होंने कहा कि पूरे भारत में 10 करोड़ तथा उत्तर प्रदेश में 2.60 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड का गठन किया गया है। अप्रैल से जून माह तक कुम्हारों को तालाब उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनसे तालाबों की खुदाई भी होगी और जल संरक्षण का भी कार्य सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत में दैनिक जागरण समूह के सीएमडी एवं संपादकीय निदेशक महेन्द्र मोहन गुप्त ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। समारोह का शुभारम्भ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here