कोरोना संकट में संघ का सेवा कार्य सराहनीय -सतपाल महाराज 

0
942

संवाददाता/देहरादून| उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को संघ के पदाधिकारियों से कोरोना से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिये फोन द्वारा 90 मिनट तक गहन विचार मंथन किया। संघ के पदाधिकारियों ने अपने-अपने अनुभव व इस महामारी से लड़ने के लिये सुझाव भी दिये।

सतपाल महाराज ने कहा कि जब-जब देश पर कोई संकट आया है, संघ के स्वयं सेवकों ने अपने घर, परिवार व प्राणों की चिंता किये बिना गाँव-गाँव, घर-घर जाकर आपदा राहत के लिए लिये काम किया है। उन्होने कहा कि कोरोना संकट में उत्तराखंड में दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों को भोजन उप्लब्ध करवाने में संघ के स्वयं सेवकों द्वारा किया गया उत्कृष्ट सेवा कार्य हम सबके लिये प्रेरणा दायक है ।

महाराज ने कहा कि देश मे कोरोना संकट की आहट होते ही संघ ने वैज्ञानिक सोच का परिचय देते हुए, त्वरित निर्णय लिया और नागपुर संघ मुख्यालय को अस्पताल में परिवर्तित कर दिया। यही नहीं बेंगलोर की राष्ट्रीय प्रतिनिधि सभा की बेठक को भी स्थगित कर दिया था। संघ के सभी संघ शिक्षा वर्गों, उत्सवों व कार्यक्रमों को जून माह तक स्थगित करने के लिये सर संघचालक मोहन भागवत को साधुवाद दिया।

उत्तराखण्ड में कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए जिला प्रशासन को और अधिक सतर्क व सक्रिय होना होगा। उन्होनें सभी धर्म, सम्प्रदाय व मत के अनुयायियों से कोरोना महामारी से लड़ने में प्रदेश सरकार का सहयोग करने की बात कही।

संघ पदाधिकारियों से वार्ता के क्रम में हरिद्वार के प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस संकट की घड़ी में जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों का पीड़ित जनता के साथ खड़ा होना चाहिये। राशन वितरण व स्वास्थ सुरक्षा के उपाय प्राथमिकता में रख कर ही कोरोना से बचाव संभव है।

महाराज ने संघ पदाधिकारियों को बताया कि प्रदेश में डाक्टर व नर्सिंग स्टाफ की कमी नहीं रहने दी जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के पर्वतीय इलाकों मे जनजीवन को सामान्य बनाने के लिये ठोस प्रयास चल रहे हैं। महाराज ने कहा कि चार धामों के कपाट तय समय में खुलेंगे, लेकिन यात्रा का स्वरुप देश-विदेश की प्रस्थितियों को देखकर केंद्र के निर्देशों के बाद ही तय होगा। उन्होने भोजन वितरण की सेवा में लगे स्वयं सेवकों व संस्थाओं से मास्क, दस्ताने पहनने व सोशल डिस्टेसिंग बनाये रखने का अनुरोध भी किया|

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here