जीवन पार्क में करोड़ों खर्च करने के बाद भी नहीं बनी सड़कें : आशीष सूद

0
701

संवाददाता/नई दिल्ली। जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र के जीवन पार्क में रहने वाले लोग टूटी सड़क, गंदे पानी की सप्लाई और सीवरेज जाम से बेहद परेशान रहते हैं। यह बात भाजपा नेता आशीष सूद ने कही।

उन्होंने कहा कि कच्ची कॉलोनियों की सड़कों पर 4000 करोड़ रुपए खर्च का दावा करने वाली केजरीवाल सरकार को बताना चाहिए कि जीवन पार्क की सड़कें अब तक बदहाल क्यों है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को मोदी सरकार द्वारा नया कानून बना कर वैध करने से लाखों लोगों का वर्षों का सपना पूरा हुआ है।

इस संबंध में कच्ची कॉलोनियों के निवासियों तक पूरी जानकारी पहुंचाने के लिए बीजेपी दिल्ली के पूर्व महामंत्री एवं जनकपुरी के पूर्व निगम पार्षद आशीष सूद पिछले एक माह से जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर जनजागरण अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में जीवन पार्क में उन्होंने लोगों को पीएम उदय योजना की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी परेशानियों पर भी बात की।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि जीवन पार्क की सड़कें बद से बदतर होती जा रही है। गड्ढों की वजह से लोग अकसर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। कई जगह सीवरेज का पानी रोड पर बहता रहता है। इसके अलावा क्षेत्र में पीने के लिए गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे लोग बीमारियों के शिकार हो रहे हैं।

इस संबंध में केजरीवाल सरकार पर मतदाताओं से वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए सूद ने कहा कि न तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने और न ही स्थानीय विधायक ने अपने किसी वादे को पूरा किया है। आम आदमी पार्टी ने लुभावने वादे कर लोगों के वोट तो ले लिए लेकिन दिल्ली सरकार ने कॉलोनियों के विकास के लिए कोई काम नहीं किया है। ज्यादातर कॉलोनियों में लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की 1700 से अधिक अनाधिकृत कॉलोनियों को मान्यता और वहां के निवासियों को मालिकाना हक देने के लिए मोदी सरकार एक अहम विधेयक पेश की थी, जिसे संसद के दोनों सदनों से मंजूरी मिल गई है। इसके तहत धारा 81 में दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे। साथ ही दिल्ली में 79 गांवों का भी शहरीकरण होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here