जाने अनुच्छेद 370 पर मोदी सरकार को किसने दिया समर्थन किसने किया विरोध

0
623

संवाददाता/नई दिल्ली। अनुच्छेद 370 हटाए जाने और जम्मू एवं कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव को एनडीए के साथ विपक्षी दलों का भी भारी समर्थन मिल रहा है। तमिलनाडु की एआईएडीएमके, ओड़िशा की बीजू जनता दल, महाराष्ट्र की शिवसेना, उत्तर प्रदेश की बीएसपी, आंध्र प्रदेश की वाईएसआर कांग्रेस, दिल्ली की आम आदमी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर को विशेष अधिकार प्रदान करने वाली संविधान की इस धारा को हटाने का समर्थन किया। हालांकि, कांग्रेस और तमिलनाडु की एमडीएमके ने इसका कड़ा विरोध किया।

 दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए ट्वीट किया, जम्मू एवं कश्मीर को लेकर किए गए सरकार के फैसले का हम समर्थन करते हैं। हमें उम्मीद है कि सरकार के इस कदम से राज्य में शांति और विकास के मार्ग खुलेंगे।

 शिवसेना ने प्रस्ताव का स्वागत किया
सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल शिवसेना ने सोमवार को अनुच्छेद 370 हटाने के केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया। शिवसेना ने इसे देश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे ने एक बयान में कहा, भारत के लिए ऐतिहासिक दिन। अनुच्छेद 370 खत्म, तथा जम्मू एवं कश्मीर अब वास्तव में भारत का हिस्सा। शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अखंड भारत का सपना पूरा करेंगे।

 जम्मू-कश्मीर सही मायनों में भारत का अभिन्न अंग बनाः बीजू जनता दल
बीजू जनता दल ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के संकल्प का स्वागत करते हुए सोमवार को कहा कि जम्मू कश्मीर सही मायनों में आज भारत का अभिन्न अंग बना है। पार्टी सांसद प्रसन्न आचार्य ने कहा कि इस फैसले से भारत माता की ताकत बढ़ी है। उन्होंने कहा, हम उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब पाकिस्तान के अधीन वाले कश्मीर के हिस्से को भारत में मिलाया जाएगा। हम इस इस संकल्प का स्वागत करते हैं। जम्मू कश्मीर सही मायनों में आज भारत का अभिन्न अंग बना है।

जयललिता की पार्टी भी समर्थन में
अन्नाद्रमुक ने भी अनुच्छेद 370 हटाने संबंधी संकल्प तथा राज्य पुनर्गठन विधेयक का समर्थन किया । अन्नाद्रमुक के नेता ए नवनीत कृष्णन ने कहा कि उनकी पार्टी इसका समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 एक अस्थायी प्रावधान था। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की दिवंगत नेता जे जयललिता देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने की पक्षधर थीं।

सरकार के साथ खड़ी हुई बसपा
बीएसपी सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि चूंकि धारा 370 खत्म होने से पूरे देश के मुस्लिमों को जम्मू-कश्मीर में बसने और वहां प्रॉपर्टी बनाने का अधिकार होगा, इसलिए पार्टी प्रमुख मायावती ने इसका समर्थन करने का फैसला किया। मिश्रा ने कहा, हमने पहले भी कहा था कि हम इस बिल का समर्थन करते हैं।

ये दल भी प्रस्ताव के समर्थन में
एआईएडीएमके सांसद ए नवनीतकृष्णन ने पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को लेकर सरकार द्वारा सदन में पेश किए गए सारे विधेयकों का समर्थन कर रही है। वाईएसआरसीपी के सांसद वी. विजयसाई रेड्डी ने सरकार का समर्थन करते हुए कहा कि धारा 370 वर्षों से देश को चुभ रही थी। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब जम्मू-कश्मीर की समस्या का पूर्ण समाधान हो जाएगा।

धारा 370 खत्म करना विनाशकारी होगा: महबूबा
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता महबूबा मुफ्ती ने संविधान की धारा 370 को खत्म करने के मोदी सरकार के फैसले को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला दिन बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, 1947 में 2 राष्ट्र के सिद्धांत खारिज करने और भारत के साथ मिलाने के जम्मू एवं कश्मीर नेतृत्व के फैसले का उल्टा असर हुआ। धारा 370 को भंग करने के लिए भारत सरकार का एकतरफा निर्णय गैरकानूनी और असंवैधानिक है।

भाजपा ने सत्ता के नशे में किया ऐसा: गुलाम नबी आजाद

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि आज का दिन भारतीय इतिहास का काला दिन है। बीजेपी सरकार ने सत्ता के नशे में और वोट हासिल करने के लिए एक झटके में अनुच्छेद 370 के साथ 35 ए को खत्म कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here