संवाददाता/तमकुहीराज: प्रादेशिक खरवार सभा की तरफ से कुशीनगर जिला इकाई के अध्यक्ष और पूर्व ग्राम प्रधान रूदल खरवार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल तमकुहीराज विधानसभा के कर्मठ और लोकप्रिय विधायक डॉ असीम कुमार राय से तमकुहीराज उनके जनसम्पर्क कार्यालय में सप्रेम भेंट की।
भाजपा किसान मोर्चा जिला मंत्री और ग्राम प्रधान मोहन खरवार तथा रूदल खरवार ने माँ वैष्णव देवी की पवित्र चुनरी ओढ़ाकर खरवार समाज की तरफ से विधायक असीम राय का स्वागत किया।
डॉ. असीम कुमार राय के स्वागत में भोजपुरी फिल्म अभिनेता और गायक धर्मेन्द्र खरवार ने भाजपा सांसद तथा भोजपुरी फिल्म के सुप्रसिद्ध अभिनेता और भक्ति गीत गायक मनोज तिवारी मृदुल का गाया अजर अमर गीत हाथ में त्रिशूल गारावा सोनावा के हार अपनी मधुर आवाज़ में गा कर विधायक समेत उपस्थित खरवार समाज के सैकड़ों लोगों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। माता रानी का प्रसाद पा कर विधायक ने प्रसन्नता जाहिर की और अपने दोनों हाथ जोड़ कर खरवार समाज के प्रति कृतज्ञता प्रकट किया।
तमकुहीराज तहसील कार्यालय से खरवार जाति का प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए प्रतिनिधि मंडल ने विधायक को एक ज्ञापन दिया और उनसे बातचीत में रूदल खरवार ने उन्हें इस बात से अवगत कराया कि हमें तहसील कार्यालय में कमकर कहकर खरवार जाति का प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि कमकर कोई जाति नहीं है यह तो पुकारू और पेशागत नाम है। इसके पूर्ववत में जिला के सभी तहसील कार्यालय से हमें खरवार जाति का प्रमाण पत्र बहुत सरलता से मिलता था। विधायक ने इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए कुशीनगर जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रुप से मिलकर खरवार जाति का प्रमाण पत्र तहसील कार्यालय से जारी कराने के लिए हर सम्भव प्रयास करने का प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिलाया।
इस मौके पर खरवार समाज के वरिष्ठ नेता और भाजपा बूथ अध्यक्ष सूर्यनाथ खरवार खरवार सभा के तहसील अध्यक्ष रविन्द्र खरवार, मार्कण्डे खरवार, अरविंद खरवार, राधाकृष्ण खरवार, बीडीसी प्रिंस खरवार, राजू खरवार, जयप्रकाश खरवार के अलावा प्रादेशिक खरवार सभा के अन्य कई नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के समापन पर खरवार समाज के लिए अपना कीमती और बहुमूल्य समय देने के लिये वरिष्ठ पत्रकार कपिलदेव खरवार ने विधायक डॉ. असीम कुमार राय का हृदय की गहराइयों से उनका आभार व्यक्त किया।
































