लक्ष्मी नगर में चार मंजिला इमारत गिरने से पांच जख्मी

0
777

संवाददाता/नई दिल्ली : लक्ष्मी नगर जी-ब्लॉक में शनिवार देर रात एक चार मंजिला जर्जर इमारत जमींदोज हो गई। गनीमत रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई। इमारत की चौथी मंजिल का हिस्सा पड़ोस के मकानों पर गिरने के कारण पांच लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को नजदीकी नर्सिग होम में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक घटनास्थल से मलबा हटाने का काम जारी था। जानकारी के मुताबिक जी-53 में 96 गज के प्लाट में तीन हिस्से बंटे हुए थे। इसमें 32 गज में चार मंजिला इमारत बनी हुई थी। बाकी हिस्से में दो मंजिला मकान बना हुआ था। चार मंजिला इमारत के भूतल पर टायर की दुकान थी और ऊपरी मंजिल खाली थे। पीछे के हिस्से में पहली मंजिल पर मोहन शर्मा अपनी पत्नी कल्पना शर्मा, दो बेटे रितिक व तनुज के साथ रहते हैं। वहीं, एक हिस्से में मोहन के भाई बलदेश शर्मा रहते हैं। शनिवार रात करीब 1ः30 बजे अचानक चार मंजिला इमारत ढह गई। इमारत गिरने की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। आस पड़ोस के लोग नींद से जाग गए और मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चौथी मंजिल का मलबा पिछले हिस्से के साथ पड़ोस के मकान की छत पर गिरा था। इससे पड़ोसी की छत टूटकर कमरे में गिर गई। कमरे में सो रहे बलकार सिंह (47) के सिर और हाथ में गंभीर चोटें लगीं। इलाके में गश्त कर रहे सिपाही राजकुमार और वालिया नर्सिग होम के कर्मचारी संजय तुरंत मौके पर पहुंच गए और अन्य लोगों की मदद से इमारत के पिछले हिस्से में रह रहे मोहन शर्मा के परिवार के सभी सदस्यों को निकाला गया, जिन्हें मामूली चोटें आई थीं। उधर बलकार सिंह को भी उनका परिवार लेकर अस्पताल पहुंच गया। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां, आठ पीसीआर वैन, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम, दो कैट्स एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गए। इसके साथ पांच जेसीबी, पांच डंपर और चार ट्रकों से राहत व बचाव का कार्य शुरू किया गया। उधर इमारत के गिरने से आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। बलकार सिंह के मकान की छत टूट गई तो एक मकान का एसी टूट गया। निगम अधिकारियों ने पिछले हिस्से को भी तोड़ने का आदेश दे दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here