वेबवार्ता/लखनऊ: केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणाम को लेकर कहा है कि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोदी के नेतृत्व की जीत है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत एक तरह से देश की राजनीति में परिवारवाद की भी हार है। स्मृति ने कहा कि जनता को भाजपा पर पूरा भरोसा था और सरकार बनने के बाद पार्टी कोशिश करेगी कि वह उम्मीदों पर पूरी तरह खड़ा हो सके। स्मृति ने मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी नेता के नाम के चयन पर कहा कि इसका फैसला हमारा केन्द्रीय संसदीय बोर्ड करेगा। वही तय करेगा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन होगा।
स्मृति के मुताबिक फिलहाल मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा उन्हें उम्मीद नहीं थी भाजपा प्रदेश में इतनी बड़ी जीत हासिल करेगी। स्मृति ईरानी ने जीत का श्रेय पीएम नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को देते हुए कहा कि इनके प्रयास से पार्टी अपनी बातों और ठीक तरह से जनता के सामने रख सकी।
































