एग्जिट पोल में भाजपा के उभरने के अनुमान से सेंसेक्स 146 अंक मजबूत

0
644

प्रेट्र,मुंबई: एग्जिट पोल में उत्तर प्रदेश में भाजपा के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने और उत्तराखंड में सत्ता में लौटने के अनुमान के साथ बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज शुरूआती कारोबार 146 अंक से अधिक की तेजी के साथ खुला। संस्थागत निवेशकों की लिवाली से बाजार में तेजी आयी।

इसके अलावा जनवरी का औद्योगिक उत्पादन :आईआईपी: आंकड़ा आज शाम जारी होना है, इससे भी धारणा पर असर पड़ा। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 146.50 अंक या 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 29,076.63 अंक पर खुला।

सेंसेक्स कल 27.19 अंक मजबूत हुआ था। वहीं 50 शेयरों पर आधारित नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 48.70 अंक या 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,975.70 अंक पर खुला।

कारोबारियों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा घरेलू शेयर बाजारों में लगातार पूंजी डाले जाने तथा खुदरा निवेशकों की चौतरफा लिवाली से बाजार में तेजी आयी। एग्जिट पोल में उत्तर प्रदेश के साथ गोवा में भाजपा के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने और उत्तराखंड में सत्ता में लौटने के अनुमान से बाजार में तेजी आयी।

इसके अलावा एशिया के अन्य बाजारों में शुरूआती कारोबार में मजबूत रूख से भी बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। जापान का निक्की 1.33 प्रतिशत और शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.04 प्रतिशत मजबूत हुए। हालांकि हांगकांग का हैंगसेंगे 0.10 प्रतिशत नीचे आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here