भाजपा के लिए गौरव की लड़ाई है गुजरात विधानसभा चुनाव: अमित शाह

0
863

वेबवार्ता,गांधीनगर : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात के आगामी विधानसभा चुनाव को सत्ताधारी पार्टी के लिए गौरव की लड़ाई करार दिया और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 2002 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी को मिली 129 सीटों के आंकड़े को छोड़कर इस बार पार्टी को 150 सीटें जिताएं।

शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात से विपक्षी पार्टी को पूरी तरह उखाड़ फेंकें। भाजपा अध्यक्ष से पहले अपने संबोधन में मोदी ने अपने विश्वासपात्र शाह को 2014 के लोकसभा चुनावों और इस साल के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के लिए मैन ऑफ दि मैच करार दिया। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे खाली नहीं बैठें और दिवाली के बाद हर व्यक्ति तक पहुंच कायम करें ताकि पार्टी की बड़ी जीत सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि पार्टी को इस साल दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में तीन-चौथाई बहुमत मिले। गुजरात गौरव महासम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, यह हमारे लिए गौरव की लड़ाई है, क्योंकि हम तीन-चौथाई बहुमत से कम कुछ भी नहीं चाहते। अध्यक्ष होने के नाते मैं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि आप 100 फीसदी योगदान करें। दिवाली के बाद खाली नहीं बैठें। मैं आपसे अपील करता हूं कि आप हर एक व्यक्ति तक पहुंच कर मोदी जी के विकास के संदेश का प्रसार करें। पार्टी की गुजरात गौरव यात्रा के समापन के बाद यह रैली आयोजित की गई। इस यात्रा का मकसद विधानसभा चुनावों से पहले जनता का समर्थन जुटाना था।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस बार दो-तिहाई बहुमत पर्याप्त नहीं होगा। उन्होंने याद दिलाया कि 2002 में जब मोदी मुख्यमंत्री थे, उस वक्त भाजपा को 129 सीटें मिली थीं। शाह ने कहा, अब जब वह हमारे प्रधानमंत्री हैं तो हमें (विधानसभा की कुल 182 सीटों में से) 150 सीटें हासिल करने का पुरजोर प्रयास करना होगा। भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बगैर विपक्षी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह गुजरात के लिए फर्जी चिंता दिखा रहे हैं। गौरतलब है कि राहुल गुजरात के कई हिस्सों में रैलियां कर चुके हैं और कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, पांच साल तक आपको ये कांग्रेसी कहीं नहीं दिखाई देंगे। लेकिन चुनाव आते ही वे दावा करने लगते हैं कि वे जीतेंगे। इस चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को गुजरात से कांग्रेस को पूरी तरह उखाड़ फेंकना होगा।

इस रैली में मौजूद मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने ऐलान किया कि उनकी सरकार किसानों को तीन लाख रुपए तक का कर्ज शून्य फीसदी ब्याज दर पर मुहैया कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, आज मैं घोषणा करना चाहता हूं कि गुजरात के किसानों को शून्य फीसदी की ब्याज दर पर कर्ज मिलेगा। अब तक उन्हें एक फीसदी ब्याज दर पर कर्ज दिया जाता था जबकि राज्य एवं केंद्र शेष छह फीसदी ब्याज दर वहन करते थे। करीब 25 लाख कृषक परिवारों के कल्याण के लिए मैं घोषणा करता हूं कि वह एक फीसदी भी माफ कर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here