Site icon DHURANDHAR TIMES

प्रज्ञा ने जो कहा वो भाजपा और आरएसएस की आत्मा है: राहुल

संवाददाता/नई दिल्ली। भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के लोकसभा में दिए गए विवादित बयान को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि यह भाजपा और आरएसएस की ‘‘आत्मा’’ है जिसे वे छिपा नहीं सकते।

उन्होंने यह भी कहा कि यह देश के संसद के इतिहास में एक ‘‘दुखद दिन’’ है। गांधी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह भाजपा और आरएसएस की आत्मा है। यह उनके दिल में हैं। कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन इसे छिपा नहीं सकते। यह बाहर आ ही जाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के लोग महात्मा गांधी की कितनी भी पूजा कर लें, लेकिन उनकी आत्मा यही है।’’ इससे पहले राहुल गांधी ने प्रज्ञा की विवादित टिप्पणी का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘आतंकवादी प्रज्ञा ने आतंकवादी गोडसे को देशभक्त बताया। यह भारत के संसद के इतिहास का एक दुखद दिन है।’’

गौरतलब है कि प्रज्ञा ने बुधवार को लोकसभा में एसपीजी संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान उस वक्त विवादित टिप्पणी की थी जब द्रमुक सदस्य ए राजा बोल रहे थे। प्रज्ञा की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया।