Site icon DHURANDHAR TIMES

अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने दो बसों को तोड़ा

संवाददाता/इलाहाबाद : पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपा के कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान महानगर की दो बसों में तोड़-फोड़ की है। सूचना पर सीओ सिविल लाइंस कई थानों की पुलिस फोर्स लेकर पहुंचे लेकिन इस बीच हंगामा कर रहे लोग फरार हो गये।

बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सपा के कुछ कार्यकर्ता गुरुवार दोपहर बाद सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन करने लगे और एमजी मार्ग पर जाम लगा दिया। इस बीच उधर से गुजर रही जेनीयूआरएम की एक बस वहां पहुंची तो चक्का जाम कर रहे सपा कार्यकर्ता बस में तोड़-फोड़ करने लगे। इस बीच एक और रोडवेज की बस वहां पहुंची तो उसमें भी तोड़-फोड़ करने लगे। हंगामा कर रहे सपा के कार्यकर्ताओं ने बस की सवारियों से भी बदतमीजी की। कुछ यात्री जख्मी भी हुए हैं। रोडवेज बस में हुई तोड़-फोड़ की सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस, सीओ सिविल लाइंस कई थाने के पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे लेकिन बस में तोड़-फोड़ करने वाले लोग वहां से भाग निकले। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ने बताया कि सरकारी बस में तोड़-फोड़ करना गैर कानूनी है। इस सम्बन्ध में मुकदमा दर्ज किया जायेगा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।