संवाददाता/सिलीगुड़ी 24 दिसंबर : मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्ष होने वाले अंतर्राष्ट्रीय सद्भावना सम्मेलन की तैयारी युद्धस्तर पर जारी है। इस सम्मेलन का आयोजन 31 दिसंबर व 1 जनवरी को सालुगाड़ा बाजार के समीप उत्तर पलास के मझुवा गांव स्थित मानव धर्म मंदिर परिसर में होने जा रहा है। इसको लेकर एक विशाल सत्संग पंडाल बनाने का कार्य जारी है। सद्भावना सम्मेलन में दार्जिलिंग, सिक्किम, डुआर्स, बिहार के अलावे भूटान, नेपाल समेत अन्य देशों से श्रद्धालुगण पहुंच रहे हैं। उनके रहने के लिए विशाल अस्थायी आवास बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न कार्यालयों व स्वागत कक्ष का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस सम्मेलन स्थल के भंडारे में एक बार में पांच सौ लोग भोजन कर सकते हैं, जो बिल्कुल निःशुल्क होगा। भंडारा सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक लगातार चलेगा।
इस बार 108 कलाकार जातीय संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए नृत्य करेंगे। विभिन्न जातियों और भाषाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए 110 बाल कलाकार तैयार हैं। संस्कृति विभाग प्रमुख बिमल राई के अनुसार इस बार उत्तर पलास के स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। यहां राष्ट्रीय एकता और सौहार्द का अभूतपूर्व जमावड़ा देखने को मिलेगा।

