संवाददाता/कुशीनगर : बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। बिजली विभाग क्षमता वृद्धि के लिए पडरौना विद्युत वितरण खंड के पडरौना, खड्डा और तमकुहीराज सब डिवीजन क्षेत्र में 97 नए ट्रांसफार्मर लगाने वाला है। यह काम एक पखवारा बाद शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा करीब 80 नए ट्रांसफार्मर की डिमांड भेज दी गई है।
ज्ञातव्य हो कि जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट की सबसे बड़ी वजह जर्जर तार और ट्रांसफार्मर की खराबी व क्षमता से अधिक उस पर कनेक्शन का भार होना है। शहरी हों या ग्रामीण क्षेत्र के ट्रांसफार्मर, लगभग सभी ओवरलोड से जूझ रहे हैं। जिसके चलते ट्रांसफार्मर अक्सर जल रहे हैं। विभाग का कहना है कि गर्मी हो या बरसात का मौसम ट्रांसफार्मर अधिक खराब हो रहे हैं। ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण लो वोल्टेज की समस्या भी बनी रह रही है।

