संवाददाता/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए आयोजित उपभोक्ता संतुष्टि एवं कुशल सेवा कार्यशाला को संबोधित करने के दौरान यह बातें कही। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पांच साल में दिल्ली के 35 प्रतिशत अतिरिक्त घरों में पाइप लाइन से पानी और 80 प्रतिशत घरों तक सीवर लाइन बिछाने के अदभुत कार्य करने पर दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मुझे जल बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गर्व है। पूर्व की सरकारों ने 70 साल में मात्र 58 प्रतिशत घरों में पानी के पाइप लाइन और 45 से 50 प्रतिशत घरों में सीवर लाइन बिछाया था।
दिल्ली के 93 प्रतिशत घरों में टोंटी से पानी देने का जल बोर्ड के सदस्यों को श्रेय देते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूर्व की सरकारों में उपर समस्या थी। उन्होंने काम करने का मौका नहीं दिया। हमने मौका दिया और आप सभी ने अदभुत कार्य करके दिखा दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में 1797 में कच्ची कालोनियां है। उसमें से 1554 कच्ची कालोनियों में हम लोगों ने पानी और करीब 1200 कालोनियों में सीवर का नेटवर्क बिछा दिया है। बची काॅलोनियों में भी साल-दो साल के अंदर पानी व सीवर का नेटवर्क बिछा देंगे। हम अपने देश से बहुत प्यार करते है। ऐसा नहीं होना चाहिए कि अपने देश की राजधानी दूसरे देश की राजधानी से पीछे रह जाए। फरवरी 2015 में जब हमारी सरकार बनी थी। उससे पहले की गर्मियों में 7 से 8 घंटे की बिजली कटौती होती थी। शर्म की बात है कि देश की राजधानी के अंदर इतने पावर कट लगते थे।
सरकार बनाने के बाद मैं एक-एक कालोनी के अंदर गया और वहां ट्रांसफार्मर लगवाए। आज खुशी है कि जापान की राजधानी टोक्यो, यूके की राजधानी लंदन, फ्रांस की राजधानी पेरिस और अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में 24 घंटे बिजली आती है, तो भारत की राजधानी दिल्ली में भी 24 घंटे बिजली आने लगी है। ऐसे ही अब हमें दिल्ली को 24 घंटे पानी देने का इंतजाम करना है। पांच साल में हमने गली-गली में सड़कें बनवाई और पाइप लाइन बिछवाई। अब अगले पांच साल में सभी को 24 घंटे साफ पानी देंगे।
अच्छा कार्य करने वाले दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने जल बोर्ड के आतिब खान, सोहन लाल, राजवीर, रविंद्र सिंह, प्रवीण मित्तल, उदय कांत सिसोदिया, छोटे लाल, अशोक कुमार, मदन लाल, संध्या, पीवी राजन और बदले राम को अपने हाथों से सम्मानित किया।

