Site icon DHURANDHAR TIMES

राष्ट्र की एकता व अखंडता के लिए सद्भावना जरुरी : श्री सतपाल महाराज

संवाददाता/नई दिल्ली| धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो, इसी मंगलकामना के साथ रामलीला मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय सद्भावना सम्मेलन के शुभारम्भ पर प्रख्यात समाजसेवी श्री सतपाल जी महाराज ने अपार जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि सद्भावना की शक्ति से हमारा राष्ट्र मजबूत होगा | राष्ट्र हित में ही हम सबका हित निहित है, जब राष्ट्र निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर रहेगा तो समस्त देशवासियों का जीवन खुशहाल होगा|

उन्होंने कहा कि अध्यात्म को जानकर जब हम स्वयं बदलेंगे तभी हमारा परिवार, गांव, शहर व विश्व बदलेगा| अध्यात्म और योग की शक्ति के कारण भारत पहले भी संसार का सिरमौर रह चुका है और इसी अध्यात्म व योग की शक्ति से वह पुनः विश्व का गुरु बन सकता है| उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर  सद्भावना की मशाल को जलाएं ताकि समाज में व्याप्त दुर्भावना को समाप्त किया जा सके |

श्री महाराज ने प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमें पर्यावरण की रक्षा करने के सामूहिक प्रयास करने होंगे तथा हम सबको मिलकर वातावरण को शुद्ध एवं स्वच्छ बनाने में सहयोग करना चाहिए| बाहरी स्वच्छता के साथ-साथ आंतरिक स्वच्छता भी जरुरी है|

सम्मेलन में अनेक तीर्थों से पधारे साधु-संतों ने भी अपने विचार व्यक्त किये| इस अवसर पर देश भक्ति से प्रेरित लघु नाटिका एवं गीत भी प्रस्तुत किये गए| समारोह में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने अपने स्वास्थ्य की निःशुल्क जाँच कराई|

कार्यक्रम में सतपाल जी महाराज सहित, मुख्य अतिथि राजू विष्ठ (सांसद, दार्जिलिंग) अतुल गर्ग, (स्वास्थ्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार एवं विधायक गाजियाबाद ) एवं रीवा के महाराजा पुष्पराज जूदेव सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया| कार्यक्रम सञ्चालन महात्मा हरिसंतोषानन्द द्वारा किया गया |