उपदेश सूर्यवंशी/नई दिल्ली, 2अगस्त। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव 2 अगस्त को नई दिल्ली के तालकटोरा मैदान में आयोजित किया गया| कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पिछले चार दशकों से समाज के सभी वर्गों को न्याय दिलाने के लिए रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया(आ.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले अनवरत काम कर रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं आठवले जी के इस अनुकरणीय प्रयासों में साथ हैं। देश को सर्वश्रेष्ठता की ओर लेकर जाने में व समाज के बहिष्कृत वर्ग को न्याय दिलाने में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया(आ.) का निरन्तर योगदान है और आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर कार्यकर्ताओं के राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करना एक सफल प्रयास है। स्वतंत्रता का रूपान्तरण स्वराज्य में बदलना ही केन्द्र सरकार का एकमात्र उद्देश्य है और अपने इसी उद्देश्य के क्रियान्वयन के लिए केन्द्र प्रयत्नशील है।
रामदास आठवले ने कहा कि केंद्र की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति को मिल रहा है और देश श्रेष्ठ भारत के निर्माण होने की दिशा में निरंतर अग्रसर है| उन्होंने कहा कि तिरंगा देश को जोड़ने के साथ हमें राष्ट्रसेवा के लिए खुद को समर्पित करने हेतु प्रेरित करता है। आजादी के अमृत महोत्सव पर स्वतंत्रता सेनानियों की शौर्यगाथा का यशोगान करते हुए 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए मोदी जी ने अभियान शुरू किया है, इसलिए हम सभी को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर, 75वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक राष्ट्रीय महोत्सव में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए
रामदास अठावले जी ने कहा कि भारतीय संविधान में बहुमूल्य योगदान इस देश को एक नई दिशा देने वाले बाबा साहेब समता, स्वतंत्रता और समरसता के सौन्दर्य के स्वाभाविक प्रतीक पुरुष थे। इस कार्यक्रम में आरपीआई के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष सहित देश भर से आए हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे|

